पर्यटक ने सोशल मीडिया पर डाली मारपीट की पोस्ट, ये है पूरा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने चंद घंटों में हिमाचल के पर्यटन की छवि अर्श से फर्श पर लाकर रख दी है। एक प्रतिष्ठित बुकिंग एजेंसी के जरिए धर्मशाला के एक होटल में दो दिन के लिए बुकिंग करवाने वाले 15 पर्यटकों ने होटल में खुद के साथ मारपीट और होटल में बंधक बनाने की पोस्ट सोशल मीडिया पर डाली है।
दिल्ली के पर्यटक रवि सिंगाल की इस पोस्ट को 50 हजार से ज्यादा शेयर मिल चुके हैं जबकि 21 हजार से ज्यादा लाइक मिले हैं। कथित आरोपी होटल मालिक ने धर्मशाला पुलिस थाने में पर्यटक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
रवि ने भी हिमाचल सरकार की वेबसाइट पर पर्यटन विभाग में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवा दी है। सिंगाल ने सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट में लिखा है कि उनके ग्रुप ने 9 से 10 जून तक प्रतिष्ठित एक बुकिंग एजेंसी के माध्यम से 15 लोगों के लिए धर्मशाला के एक होटल में कमरों की बुकिंग की थी।
होटल में उनके ग्रुप से ओवरचार्जिंग की गई। होटल में माकूल सुविधाएं नहीं थीं। जब इसका विरोध किया तो उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। उन्हें रिसेप्शन में बंधक बनाया गया। बुकिंग एजेंसी ने भी उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। पर्यटक का कहना है कि आरोपों के सभी सुबूत उनके पास हैं।
सीसीटीवी कैमरे में सब है रिकॉर्ड : होटल मालिक
होटल मालिक का कहना है कि पर्यटकों की फेसबुक अकाउंट पर की गई पोस्ट झूठी है। होटल के सीसीटीवी कैमरे में सब रिकॉर्ड है। बुकिंग में 8 पर्यटकों की लिस्ट दर्शाई गई थी। लेकिन, होटल में रहने के लिए 15 लोग पहुंच गए।
जब इसके बारे में कहा गया तो पर्यटक उलझ गए। होटल की छवि खराब करने और मारपीट करने के संदर्भ में पुलिस में शिकायत की है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस के हवाले किया गया है।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी बांबा ने होटल मालिकों को सलाह दी है कि वे बुकिंग से अधिक लोगों के पहुंचने पर खुद मामले को निपटाने के बजाय संबंधित बुकिंग एजेंसी को सूचित करें।
होटल मालिक ने शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस पूरी छानबीन के बाद दोषी व्यक्तियों पर उचित कार्रवाई करेगी। - संतोष पटियाल, एसपी कांगड़ा
मेरे पास अभी तक कोई शिकायत नहीं पहुंची है। शिकायत आने पर दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी। - मधु चौधरी उपनिदेशक, पर्यटन विभाग