बेरहम शिक्षक ने छात्र को नोचा, अस्पताल में भर्ती
कुल्लू जिला के लगघाटी के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक द्वारा छात्र की बेरहमी से पिटाई करने की बात सामने आई है। आरोप है कि छात्र क्योंकि छुट्टी के समय लाइन में नहीं चल रहा था जिस वजह से उससे मारपीट की गई।
छात्र के गले और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई है जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
लगघाटी के शलधारी निवासी लाहलू राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनका बेटा गौरव घाटी के एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता है।
लाइन में नहीं चलने पर मिली सजा
लाहलू राम ने आरोप लगाया है कि 25 जून को चार बजे छुट्टी होने पर घर आते समय एक अध्यापक ने बच्चे को मैदान में रोका और उसकी बुरी तरह पिटाई कर डाली।
इससे उनके बच्चे के गले में कई जगह खरोंचे आईं। इस कारण उन्हें अपने बच्चे को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाना पड़ा। लाहलू राम ने बताया कि उनके बच्चे गौरव का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार चल रहा है।
उधर, छात्र गौरव का कहना है कि वह लाइन में नहीं चल रहा था। इसी को लेकर शिक्षक ने उसकी पिटाई कर दी। एसपी सुरेंद्र वर्मा का कहना है कि बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही तथ्यों का सहीं पता चल पाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।