आखिर कहां गायब हो गई तनु, अब सीबीआई खोलेगी राज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करीब एक साल से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता चल रही छोटा शिमला की युवती तनु की तलाश अब सीबीआई करेगी।
इस बहुचर्चित मामले को पुलिस से लेकर सीबीआई के सुपुर्द कर दिया गया है। देश उच्च न्यायालय ने यह आदेश शुक्रवार को जारी किए।
तनु को खोज निकालने के लिए पुलिस ने एड़ी चोटी का जोर लगाया लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। संदेह के आधार पर तनु के दो दोस्तों को भी हिरासत में लिया गया था।
मगर उन्होंने भी तनु के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया। परिजनों की ओर से जिन-जिन लोगों पर शक जाहिर किए गए उन सबसे पूछताछ की गई।
नतीजा शून्य रहने पर पुलिस ने भी हाथ खड़े कर दिए। अब मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। इससे मामले में कुछ सुराग लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
एचपीयू में एमएड की छात्रा थी तनु
25 साल की तनु छोटा शिमला इलाके में अपने परिजनों के साथ रहती थी। यह एचपी यूनिवर्सिटी में एमएड की छात्रा थी।
बीते साल मार्च महीने में यह अपने दो मंजिला घर से रहस्यमयी हालत में लापता हो गई। पुलिस को दिए बयान में तनु के परिजनों ने कहा कि घटना वाले दिन सुबह करीब सात बजे तनु ने उन्हें चाय पिलाई।
सुबह साढ़े नौ बजे वह अपने कमरे में नहीं थी। घर के बाहर जाने का रास्ता ड्राइंग रूम से होकर जाता है इस दौरान उसके पिता ड्राइंग रूम में ही बैठे थे।
घर से बाहर निकलने का दूसरा कोई रास्ता नहीं है। सूचना के आधार पर थाना छोटा शिमला में तनु की गुमशुदगी की रपट डाल दी गई।
तनु के दोस्तों के बीच हुई थी मारपीट
पुलिस जांच में सामने आया कि गुमशुदगी से एक दिन पहले घणाहट्टी में तनु को देखा गया। यहां तनु अपने एक दोस्त के साथ घूमने आई थी।
इसी बीच तनु का दूसरा दोस्त भी पहुंच गया। किसी बात को लेकर दोनों युवकों के बीच मारपीट हो गई। इसका मुकदमा थाना बालूगंज में पंजीकृत है।
संदेह के दायरे में आते ही पुलिस ने दोनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस रिमांड हासिल किया लेकिन अंत तक दोनों युवक तनु की गुमशुदगी को लेकर खुद को बेकसूर बताते रहे।
पुलिस के लिए यह केस आज तक अजब पहेली बना हुआ है। इसी बीच पूरे मामले की जांच सीबीआई को देने की पैरवी होने लगी। न्यायालय ने विचार करने के बाद मामला सीबीआई को दिया है।