पैसों के लेनदेन को लेकर बेटे ने पिता पर बरसाए लात-घूंसे, मौत
नगरोटा बगवां में एक बेटे ने चंद रुपयों के लिए अपने पिता की लात-घूंसों से पीट-पीट कर जान ले ली। बताया जा रहा है कि उनके मकान का एक हिस्सा गिर गया था, जिसके चलते सरकार की ओर से उन्हें करीब 10 हजार रुपये मुआवजे के रूप में मिले थे।
मुआवजे के इन्हीं पैसों को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। बेटा नशे में धुत होकर बाप को पीटता रहा। घायल पिता को सिविल अस्पताल के बाद फिर टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां पर उसने दम तोड़ दिया। आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार यह मामला मंगलवार रात को नगरोटा बगवां के वार्ड नंबर तीन में उस समय हुआ जब अमन कुमार (23) और उसका पिता रवि कुमार (55) दोनों नशे की हालत में थे। इस दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों में बहसबाजी हो गई।
कुछ ही देर में दोनों में गालीगलौज और मारपीट शुरू हो गई। बेटे ने बाप को लात घूंसों से अचेत अवस्था में पहुंचा दिया। जिस दौरान यह लड़ाई-झगड़ा हुआ उस दौरान अमन की माता और दादी भी घर पर ही थीं, जबकि अमन का एक भाई और भी है, जो कहीं बाहर नौकरी करता है।
मारपीट की वारदात के दौरान स्थानीय लोगों के साथ-साथ अमन की मां और दादी ने बीच बचाव किया लेकिन नशे में धुत बेटा अपने बाप को बेरहमी से पीटता रहा। मारपीट में बाप की गंभीर हालत देख मौके पर पहुंचे वार्ड पार्षद सुमेश कुमार व अन्य लोगों ने उसे तुरंत नगरोटा बगवां के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे टीएमसी रेफर कर दिया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। वहीं इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई।
मारपीट की सूचना के बाद पुलिस थाना नगरोटा बगवां से पुलिस के जांच अधिकारी लीलाधर और एएसपी कांगड़ा राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
नगरोटा बगवां में बाप और बेटे की बीच हुई मारपीट में पिता की मौत हो गई है। इसके चलते मारपीट के आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। - राजेश कुमार, एएसपी, कांगड़ा