छेड़खानी करने से रोका तो सरेआम रॉड से पीटा
अपनी भतीजी से हो रही छेड़छाड़ का विरोध करना एक कारोबारी को महंगा पड़ गया। गुस्साए युवक ने दिनदहाड़े दुकान में काम कर रहे व्यापार के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपी ने कारोबारी की इस रॉड के साथ बेरहम पिटाई कर डाली।
घायल अवस्था में उसे सोलन अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता का मेडिकल करवाया। रपट डालकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसे की सूचना दोपहर करीब 12 बजे मिली। कारोबारी सर्कुलर मार्ग स्थित अपनी दुकान पर काम कर रहा था। उसी समय स्थानीय युवक वहां आया और उसने व्यक्ति के सिर पर लोहे की रोड से जोरदार प्रहार किया जिससे उस गंभीर चोटें आईं।
छेड़छाड़ करने से रोका था
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। जिस पर पुलिस ने मामले की छानबीन की शुरूआत कर मेडिकल के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। वहीं इस संबंध में एसएचओ अनिल कुमार धौल्टा ने कहा कि पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
पुलिस में दिए ब्यान में कारोबारी ने बताया कि हमलावर युवक उसकी भतीजी को रोजाना रास्ते में आते-जाते हुए तंग करता था। हालांकि इसकी शिकायत उन्होंने युवक के परिवारजनों को भी की है।
लेकिन इसके बावजूद भी युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। सोमवार को उन्होंने विरोध जताया, जिस पर मंगलवार दोपहर को युवक ने उन पर जानलेवा हमला किया।