खुलासा, पहले गला दबाया फिर काट दिया था सिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला में हुए ब्लाइंड मर्डर में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। युवक का पहले गला दबाया गया उसके बाद तेजधार हथियार से गर्दन धड़ से अलग कर दी ऐसा अंदेशा पुलिस जता रही है। वारदात स्थल से खून के धब्बे नहीं मिले हैं। संभव है कि युवक की हत्या कहीं दूसरी जगह की गई हो और कातिलों ने शव को यहां फेंक दिया हो।
वीरवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इसका खुलासा हो जाएगा। मंगलवार को पुलिस ने टूटीकंडी आईएसबीटी के नजदीक अज्ञात युवक का शव बरामद किया था। सिर, धड़ से दूर नाले में बरामद किया था। चेहरे को बुरी तरह से कुचला गया था जिससे इसकी पहचान न हो पाए।
पुलिस ने युवक की पहचान के लिए तीन टीमों का गठन कर इन्हें ऊपरी शिमला की ओर रवाना किया है।
पुलिस के हाथ लगा सुराग
पुलिस के अनुसार युवक के पास से एक मोबाइल शॉप का विजटिंग कार्ड मिला है जिसमें ठियोग के छैला का पता छपा है। कत्ल हुए युवक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान में मदद हो सके।
इस ब्लाइंड मर्डर को हल करना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। पुलिस को मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे किसी ने फोन कर कहा कि आईएसबीटी के पास नाले में बहुत सारे आवारा कुत्ते हैं।
उन्हें अंदेशा है कि यहां कुछ न कुछ जरूर कोई अनहोनी हुई है। सड़क से करीब चालीस पचास कदम नीचे उतरी तो उन्हें झाड़ियों के बीच एक सिर कटी लाश मिली। पुलिस नाले की तरफ उतरी तो वहां भी कुत्तों का एक झुंड घूम रहा था। नाले में उतरकर सिर भी बरामद कर लिया गया।
सबसे पहले ये काम करेगी पुलिस
युवक की शिनाख्त करना पुलिस की पहली प्राथमिकता है उसी के बाद इस मामले की आगे की कड़ियां जुड़ेगी। विजिटिंग कार्ड और एक मोबाइल रिचार्ज कपून के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है।
यह भूसे में सूई ढूंढने जैसा है लेकिन पुलिस ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। पुलिस ने एयरटेल कंपनी से आग्रह किया है कि वह बताए कि किस मोबाइल नंबर पर यह रिचार्ज किया है। मोबाइल नंबर मिलने के बाद संभव है कत्ल हुए युवक का पता चल जाए।
वारदात स्थल पर एक छोटा सा ढाबा चलाने वाली एक महिला से भी पुलिस ने पूछताछ की है लेकिन उससे भी कोई खास जानकारी हासिल नहीं हो पाई। संभव है वारदात को रात के अंधेरे में अंजाम दिया हो। पुलिस ने महिला को सख्त हिदायत दी है कि वह शहर छोड़कर कहीं न जाए।
सीसीटीवी में मिल सकता है सुराग
आईएसबीटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। युवक ने जो कपड़े पहन रखे थे उसके आधार पर फुटेज को देखा जा रहा है। देर रात तक यह क्रम जारी रहा लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया था।
एएसपी सिटी भजन देव नेगी ने कहा कि कत्ल हुए युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। कुछ क्लू मिले हैं इसके आधार पर अलग अलग जगह पर टीमें भेजी गई है। आईएसबीटी में लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इधर, भाग गया कत्ल का आरोपी
वहीं, कत्ल के आरोप में जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी आईएसबीटी से पुलिस हिरासत से फरार हो गया। लेकिन रात साढ़े नौ बजे शोघी के पास से पकड़ लिया गया। इसकी पहचान रमेश चौधरी (23) निवासी बिहार के तौर पर हुई है।
यह नेपाली मूल के एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में जेल में बंद था। केस के सिलसिले में अदालत में पेश करने के लिए इसे मंगलवार को रामपुर ले जाया गया था। बुधवार को दो पुलिस कर्मचारी खेमराज और सुरेश इसे शिमला ला रहे थे। देर शाम आईएसबीटी में तीनों पहुंचे यहां आरोपी पुलिस कर्मचारियों को गच्चा देकर फरार हो गया।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
पुलिस वालों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह आंखों से ओझल हो गया। इस पर उन्होंने मामले की सूचना थाना बालूगंज को दी। सूचना मिलने के बाद सभी पुलिस स्टेशनों को अलर्ट कर दिया है। पुलिस बैरियर पर कैदी के हुलिए के बारे में मैसेज कर दिया है।
गाड़ियों की चेकिंग भी की जा रही थी। लेकिन आरोपी का कहीं कोई पता नहीं चल पाया। रात करीब साढ़े नौ बजे आरोपी शोघी के पास गाड़ियों से लिफ्ट मांगता धरा गया। इसकी पुष्टि एएसपी भजन देव नेगी ने की है। उन्होंने बताया कि विचाराधीन कैदी को शोघी के पास गिरफ्तार कर शिमला लाया जा रहा है।