शिमला के जंगलों से मिल रहे सोने, चांदी के जेवरात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुफरी के काली मां मंदिर से चोरी एक किलो वजनी चांदी का मुकुट छराबड़ा के जंगल से मिल गया है। पुलिस के हत्थे चढ़े गिरोह ने चार जुलाई को यह मुकुट चुराया था। छराबड़ा के पास एक जगह पर छिपाकर रखा था।
एक ग्वाला जंगल में पशुओं को चरा रहा था। इसी दौरान यह मुकुट उसकी गाय की टांग से जा टकराया। ग्वाले ने मुकुट देखकर इसकी सूचना ढली पुलिस को दी। इसका वजन एक किलो से ज्यादा बताया जा रहा है। पुलिस को अंदेशा है कि मुकुट हेम कुंज एरिया के आसपास कहीं छिपाकर रखा था। दूसरी ओर रातड़ देवता मंदिर से चोरी हुए सामान की रिकवरी होने का सिलसिला जारी है।
रविवार को पुलिस ने यमुनानगर के ज्वेलर से पांच ग्राम सोना और पचास ग्राम चांदी भी बरामद कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भजन देव नेगी ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। चोरी की वारदातों में पकड़े गिरोह के सदस्य हर रोज नए राज खोल रहे हैं। इसके साथ सुनार को बेचे गए सोने की भी बरामदगी हो रही है। आरोपियों ने माना है कि उन्होंने कई मंदिरों में चोरी की है।
चंदा मांगने के नाम पर की थी रेकी
रातड़ देवता मंदिर में चोरी करने से पंद्रह दिन पहले आरोपी चंदा मांगने के बहाने गांव के भीतर दाखिल हुए थे। आरोपी ओमप्रकाश ने चंदे की पर्चियां काटी। बातों ही बातों में गांव के लोगों से मंदिर के बारे में पूरी जानकारी भी हासिल कर ली।
इसके बाद रातड़ मंदिर का चोरी का मैप बनाया। उन्हें इस बात का एहसास था कि मंदिर बहुत प्राचीन है और इसमें एक बार हाथ साफ कर उनकी जिंदगी बन जाएगी। इलाके के रीति रिवाज से आरोपी पहले से परिचित थे। इसलिए उन्होंने चोरी के लिए चुड़ैल वाली रात चुनी।
उन्हें अच्छे से पता था कि इस रात को कोई भी व्यक्ति अपने घर से बाहर नहीं निकलेगा। मंदिर से मूर्ति और जेवरात समेटने के बाद आरोपी कार में फरार हो गए। रविवार को कार बरामद कर ली गई है। कालू ने हाल ही में एक नई लग्जरी कार स्वीफ्ट डिजायर भी खरीदी है।
एक और घर में चोरी
वहीं, राजधानी शिमला में चोरियों की वारदातें थमती नजर नहीं आ रही। शनिवार को मंदिर में माथा टेकने गई महिला जब घर लौटी तो वहां से सोने के आभूषण चोरी थे। मामला लक्कड़ बाजार का है महिला मीनाक्षी सूद दोपहर बाद घर पहुंची।
इससे पहले चोर घर में पिछले दरवाजे से दाखिल हुए और सोने के आभूषणों के साथ डीवीडी प्लेयर लेकर चंपत हो गए। पुलिस को आशंका है कि इसमें किसी ऐसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है जिसे यह भनक थी कि महिला घर पर नहीं है।
लक्कड़ बाजार पुलिस ने मौके का मुआयना किया लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं आया। थाना सदर में मुकदमा दर्ज कर आगामी छानबीन अमल में लाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रहे हैं।