मैकलोडगंज में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, पूछताछ में सनसनीखेज खुलासे
हिमाचल के धर्मशाला में मैकलोडगंज के एक होटल से पुलिस ने कथित रूप से सेक्स रैकेट चला रही दो महिलाओं को पकड़ा है। सूत्रों के अनुसार महिलाओं के पास पुलिस ने कथित रूप से 40 हजार रुपये कैश भी पकड़ा है।
पुलिस पूछताछ के दौरान एक महिला ने सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। हालांकि, पुलिस युवती के बयान की सच्चाई जानने के लिए तथ्यों को खंगाल रही है। युवती ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि मनाली की ही एक महिला ने उसे जबरन सेक्स रैकेट के धंधे में धकेला है।
इस सेक्स रैकेट के धंधे में एक और महिला और उसका भाई भी शामिल है। ये लोग वर्ष 2014 से लगातार उसका जबरन शारीरिक शोषण करवा रहे हैं। उसके पास जबरदस्ती ग्राहक भेजे जाते हैं और पैसा ये दलाल ऐंठ रहे हैं।
2006 में हुआ गैंगरेप, फर्जी अफसर ने भी किया रेप
महिला ने कहा कि वह 10 मई को मनाली से बस के जरिये मैकलोडगंज पहुंची थी। महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि आरोपी नेहा ने उसकी एक रिफ्यूजी व्यक्ति से शादी भी करवा दी थी। इसके बाद उसका लगातार शारीरिक शोषण किया गया।
उसने कहा कि 2006 में उसके साथ गैंगरेप हुआ था। वह मनाली थाने में शिकायत दर्ज करवाने भी गई थी। मगर वहां पर एक बाहरी व्यक्ति ने फर्जी पुलिस अफसर बनकर उसके साथ दुराचार किया। उसके बाद उसने अपना घर छोड़ दिया था।
वह लावारिसों की तरह रह रही है। वह क्लब डांसर है। उधर, पुलिस ने मामले का पूरी तरह से पटाक्षेप नहीं किया है। एसपी संजीव गांधी ने कहा कि अनैतिक तस्करी का एक मामला सामने आया है। एक पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक शोषण किया गया है। जांच चल रही है। महिला का मेडिकल करवाया जा रहा है।