बच्चियों से देह व्यापार कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री के शहर पटियाला में गरीब परिवारों को पैसे का लालच देकर उनकी बच्चियों को घरेलू काम के बहाने ले जाकर देह व्यापार कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। यह गिरोह बच्चियों को हिमाचल प्रदेश ले जाकर वहां ग्राहकों के सामने पेश करता था।
पुलिस ने एक पीड़ित बच्ची के बयान पर कार्रवाई करते हुए गिरोह की एक महिला मेंबर समेत बच्ची के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां दोनों को दो दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
डीएसपी सिटी वन योगेश ने बताया कि 14 साल की इस पीड़ित बच्ची ने अपनी एक जान-पहचान की महिला, जिसके घर वह पहले घरेलू काम करती थी, उसे अपने साथ हो रहे गलत काम बारे बताया।
14 साल की पीड़ित बच्ची ने दिया ये बयान
जिसके बाद मामला जिला बाल सुरक्षा अधिकारी हरप्रीत कौर संधू के पास पहुंचा और फिर सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए गैंग की महिला मेंबर नंदिनी समेत पीड़ित बच्ची के पिता के खिलाफ धारा 372, 373, 376 आईपीसी और पोसको एक्ट 2012 की धारा 6 और 17 तहत थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर लिया है।
डीएसपी ने बताया कि 14 साल की पीड़ित बच्ची ने बयान दिया है कि वह पांच भाई-बहनों में से सबसे बड़ी है। परिवार काफी गरीब और मां पिछले काफी समय से बीमार रहती है।
जिस कारण पिता ने मां को बाकी भाई बहनों के साथ यूपी वापस भेज दिया, लेकिन वह पटियाला में ही रहकर लोगों के घरों में काम करती थी, ताकि परिवार की आर्थिक मदद कर सके। करीब डेढ़ महीने पहले पटियाला की ऋषि कालोनी की रहने वाली नंदिनी और बडूंगर निवासी लवप्रीत, जो आर्केस्ट्रा में काम करती हैं। इन दोनों महिलाओं ने उसके पिता को उनके पास काम करने के लिए छोड़ने के बदले में हर महीने 30 हजार रुपये देने का लालच दिया।
पिता ने लालच में आकर बच्ची काे महिलाओं के साथ भेज दिया
बच्ची के पिता ने लालच में आकर उसे दोनों महिलाओं के साथ भेज दिया। लेकिन बच्ची को नंदिनी हिमाचल प्रदेश के मनाली में ले जाकर जबरदस्ती जिस्मफरोशी कराती थी। बच्ची के बयान के मुताबिक उसकी तरह नंदिनी और भी कई लड़कियों को मनाली ले जाकर जिस्मफरोशी कराती है।
बच्ची के इस बयान के आधार पर पुलिस ने नंदिनी, लवप्रीत और बच्ची के पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। नंदिनी व बच्ची के पिता को तो गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लवप्रीत की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
वह फरार बताई जा रही है। डीएसपी ने कहा कि नंदिनी ने और किन बच्चियों को देह व्यापार में लगाया, इस बारे में जांच चल रही है। दो दिनों के पुलिस रिमांड में उससे गैंग में शामिल और लोगों के बारे में भी पता लगाया जाएगा। ताकि उन पर भी कार्रवाई हो सके।