आईएसबीटी के पास युवक का मर्डर, दोनों टांगे गायब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईएसबीटी शिमला के नजदीक जंगल में एक युवक को शराब पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की हत्या गला घोंट कर की गई है। मौके से पुलिस को शराब और बीयर की खाली बोतलें मिली है। लाश काफी दिनों पुरानी है और जंगली जानवरों ने नोच डाली है। युवक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। एएसपी सिटी अर्जित सेन ठाकुर ने टीम के साथ मौके का मुआयना किया घटनास्थल पर फोरेंसिक की टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए।
इस संदर्भ में थाना बालूगंज में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें शाम करीब साढ़े चार बजे सूचना मिली कि आईएसबीटी के समीप जंगल में एक युवक का शव पड़ा है। इस पर मौके पर पहुंचे तो वहां झाड़ियों के बीच औंधे मुंह लाश पड़ी हुई थी। जिसके शरीर पर काले रंग की जैकेट, काली धारीदार कमीज, काले रंग की जींस की पैंट पहनी हुई थी।
जंगली जानवरों ने नोच डाला चेहरा
जैकेट की जेब में एक मोबाइल भी मिला लेकिन उसकी बैटरी काम नहीं कर रही थी। जांच में पाया गया कि लाश काफी पुरानी है और गली सड़ी हालत में है। दोनों टांगे गायब थी। चेहरे का ज्यादातर मांस जंगली जानवरों ने नोच डाला है। चेहरे पर काफी कम चमड़ी बची है। जिससे चेहरे की पहचान करना मुमकिन नहीं है, शरीर का हिस्सा गलने सड़ने के कारण काला पड़ गया है।
लाश के कुछ फासले पर खाली बीयर और शराब की बोतलें हैं। लाश के गले में फीतानुमा एक तसमा बंधा हुआ है। पुलिस को अंदेशा है कि इसे शराब पिलाने के बहाने यहां लाया गया और बाद में नशा चढ़ने पर उसका कत्ल कर दिया गया। इस इलाके में पहले भी हत्या के मामले हुए हैं उनमें नेपाली गैंग का हाथ रहा है।
पहले भी हो चुकी हैं दो हत्याएं
इनके निशाने पर नेपाली ही रहते हैं जो ऊपरी शिमला से पैसा कमाकर नेपाल जाने के लिए बस स्टेंड आते हैं। यह गिरोह के सदस्य उनके साथ दोस्ती लगाते हैं और यह कहकर झांसे में लेते हैं कि वह भी नेपाल जा रहे हैं। इनकी बातों में आने के बाद वह उसे शराब का ऑफर देते हैं और सुनसान जगह पर ले जाकर शराब पिलाकर हत्या कर देते हैं।
इस तरह की दो हत्या के मामले पहले आ चुके हैं। इसमें शिमला पुलिस ने कुछ आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस को अंदेशा है कि इस हत्या के पीछे भी शायद ऐसी ही किसी गैंग का हाथ हो सकता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी अस्पताल भेज दिया गया है। एसपी शिमला डी डब्ल्यू नेगी ने कहा कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर हर पहलू पर तफ्तीश की जा रही है।