हत्या के बाद नग्न कर जंगल में फेंका शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
35 साल के एक शख्स की हत्या करने के बाद हत्यारे उसे नग्न कर जंगल में फेंक गए। मामला हिमाचल के नालागढ़ का है। यहां पुलिस चौकी जोघों के तहत डोला में एक व्यक्ति की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। पुलिस अभी शव की शिनाख्त नहीं कर पाई है। पुलिस अभी 72 घंटे तक इंतजार करेगी। उसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को नगर परिषद के हवाले कर दिया जाएगा।
नग्न अवस्था में 35 वर्षीय व्यक्ति के सिर पर व नाक पर चोट के निशान थे। जिस पर नालागढ़ पुलिस ने धारा 302 व 201 के तहत मामला दर्ज किया है। जोघो पंचायत के डोला गांव के लोगों ने जंगल में शव देखकर प्रधान अजमेर सिंह को सूचना दी।
प्रधान ने नालागढ़ पुलिस को सूचित किया जिस पर थाना प्रभारी क्षमादत्त मौके पर टीम के साथ पहुंचे। व्यक्ति के शरीर पर मात्र एक बनियान था बाकी पूरा शरीर नंगा था। पांव में जूता या चप्पल भी नहीं था।
डीएसपी खजाना राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि जिस स्थान पर शव फेंका गया है वह काफी सुनसान है। यहां पर कच्ची सड़क है। सड़क से सौ मीटर दूर जंगल में शव फेंका गया। इससे लगता है कि इसे मारने के बाद यहां पर लोगों की मद्द से फेंका गया है। मृतक देखने में प्रवासी लग रहा है।
जली कार में मिला शव
वहीं, भोजनगर के पास एक जली हुई कार में जला शव मिला है। यह गाड़ी 2012 में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद सड़क किनारे खड़ी है। रविवार को क्षेत्र के किसी व्यक्ति ने पुलिस में सूचना दी की एक जले वाहन में जला हुआ शव पड़ा हुआ है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाया कि शव पूरी तरह जल गया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि अज्ञात व्यक्तियों ने किसी व्यक्ति की हत्या कर शव गाड़ी में डालकर आग लगा दी। मौके पर पहुंची परवाणू थाना एसएचओ मिनाक्षी कुमारी ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर गाड़ी में शव के बारे में जानकारी मिली। शव करीब 95 प्रतिशत तक जल चुका है जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।
कार गिरने से एक व्यक्ति की मौत
उधर, पुलिस थाना जुब्बल के कठासु के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार नेपाली मूल का अन्य व्यक्ति सुरक्षित है। हादसा गाड़ी को बैक करते वक्त हुआ।
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद करीब चार बजे प्रकाश ठाकुर कठासु पंचायत के अंतर्गत डापली में अपनी कार एचपी 10बी-0919 को मोड़ रहा था। इसी बीच बैक करते वक्त गाड़ी 200 फीट नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। गाड़ी में एक अन्य व्यक्ति सवार था, जो पूरी तरह से सुरक्षित है।
बरथाटा निवासी प्रकाश ठाकुर (50) की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत कार्य शुरू किया। शव को खाई से निकालकर पुलिस थाना जुब्बल लाया गया। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को होगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।