मंडी गोलीकांड: चार पुलिस कर्मचारी सस्पेंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईआईटी मंडी के नॉर्थ कैंपस में गोलीकांड मामले में कमांद पुलिस चौकी का पूरा स्टाफ बदल दिया गया है। एसपी ने चौकी प्रभारी समेत एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबलों को सस्पेंड कर दिया है। दो पुलिस कर्मचारियों को लाइन हाजिर किया गया है। इनमें से एक कर्मी छुट्टी पर था जबकि दूसरा पुलिस भर्ती परीक्षा में होने के कारण लाइन हाजिर किया गया है। एसपी ने ऑर्डर जारी कर पुलिस कर्मियों को सस्पेंड करने का कारण निगरानी में कोताही बरतना बताया है।
बीते शनिवार को घटना के तुरंत बाद कमांद चौकी पुलिस मौके पर तो पहुंच गई थी, लेकिन उससे पहले तीन-चार दिन से चौकी के पास ही गेस्ट हाउस में ठहरे बाउंसरों के बारे में जानकारी नहीं ली। पूछताछ और जांच नहीं की गई। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने सस्पेंशन ऑर्डर जारी कर पूरा स्टाफ बदल दिया है।
अब एएसपी करेंगे जांच
गोलीकांड मामले की जांच कर रहे चौकी प्रभारी को हटा दिया गया है। मामले की जांच अब एएसपी कुलदीप की अगुवाई वाला दल करेगा। जांच दल को भी चार से छह सदस्यीय कर दिया गया है। एसपी रीडर और एक अन्य पुलिस कर्मचारी को जांच दल में शामिल किया गया है।
गोलीकांड मामले में मैजिस्ट्रेट जांच को टाइम बांड किया गया है। एडीएम मंडी विवेक चंदेल मामले की मैजिस्ट्रेट जांच कर रहे हैं। पंद्रह दिन में वे जांच रिपोर्ट डीसी मंडी संदीप कदम को सौंपेंगे। डीसी ने सीपीडब्ल्यूडी अधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया है। बैठक में आईआईटी कमांद परिसर के नॉर्थ कैंपस में चल रहे निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के ईपीएफ सहित अन्य विवाद को लेकर चर्चा की जाएगी।
श्रम विभाग से लिया फीडबैक
डीसी ने मजदूरों को पैसे न मिलने के बारे में श्रम विभाग के संयुक्त कमिश्नर एसएसके कौशल और मंडी वृत्त की श्रम निरीक्षक भावना से फीडबैक लिया। इस दौरान आईआईटी गोलीकांड मामले में जांच कर रहे विशेष जांच दल के प्रभारी एएसपी कुलदीप चंद राणा से भी मामले की जांच के बारे में जानकारी ली।
डीसी संदीप कदम ने आईआईटी कमांद के रजिस्ट्रार से भी बैठक की। बैठक में भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाने पर चर्चा की। डीसी ने बताया कि 19 जून को मजदूर यूनियन के ज्ञापन पर एसडीएम सदर और लेबर इंस्पेक्टर को मौके पर भेजने के निर्देश दिए थे। लेकिन टीम के कमांद पहुंचने से पहले ही यह घटना हो गई।
बाउंसरों का आपराधिक रिकॉर्ड तलब
मंडी पुलिस ने बाउंसरों का आपराधिक गतिविधियों का रिकॉर्ड पंजाब से मांगा है। एसपी मंडी मोहित चावल ने फतेहगढ़ साहिब सहित अन्य जगहों के एसपी से व्यक्तिगत तौर पर बातचीत भी की है। हालांकि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस को मौके से नौ एमएम की पिस्टल मिली है। नौ एमएम पिस्टल का लाइसेंस मिलना आसान नहीं।
लिहाजा, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। मौके पर मिली तलवार और दराट को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। चार बाउंसरों की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा। वहीं, गोली लगने घायल युवा बलवीर का उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में पुलिस की निगरानी में हो रहा है।