सगे भाई को गोली मारी, खुद खा लिया जहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नूरपुर के गांव पंजाहड़ा में एक भाई ने जमीनी विवाद के चलते अपने छोटे सगे भाई को बंदूक की गोलियों से छलनी कर दिया। बाद में खुद भी जहरीला पदार्थ निगल कर खुदकुशी कर ली। गांव में सनसनीखेज वारदात के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस जानकारी के अनुसार बाबू राम (64) और देवराज (58) पुत्र स्वर्गीय हरिदास निवासी गांव पंजाहड़ा (गनोह) तहसील नूरपुर कपड़ों का कारोबार करते थे।
रविवार सुबह करीब 9 बजे दोनों सगे भाइयों के बीच कथित जमीन विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। इसी बीच बाबू राम ने अपनी बंदूक से छोटे भाई देवराज पर दो फायर कर दिए। इनमें से एक गोली देवराज के पेट और दूसरी गोली टांग पर लगी। देवराज जमीन पर गिरकर छटपटाने लगा। इसी दौरान गांव में गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।
जहर खाकर कर ली खुदकुशी
हमलावर बाबू राम अपने छोटे भाई को तड़पता छोड़कर खुद अपने कमरे में चला गया। पछतावे में आकर उसने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन देवराज को इलाज के लिए पठानकोट के एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां देवराज को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर परिजनों ने बाबू राम को कमरे में बेसुध हालत में पड़े देखा।
बाबू राम के मुंह से झाग निकलता देखा तो उनके पांव तले जमीन खिसक गई। बाबू राम के परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां पर उसकी भी मौत हो गई। डीएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर बंदूक को कब्जे में ले लिया गया है। दोनों भाइयों के शवों को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है।
पाइप के कनेक्शन को लेकर शुरू हुई थी बहस!
पुलिस सूत्रों की मानें तो इस दर्दनाक वारदात के समय देवराज अपने मकान में एक पलंबर से काम करवा रहा था। इस दौरान दोनों भाइयों में जमीन में पाइप के कनेक्शन को लेकर आपस में बहस शुरू हो गई।
बाबू राम ने तैश में आकर अपनी दोनाली बंदूक से फायर कर दिया। इस बीच वहां पर काम कर रहा पलंबर भी अपनी जान बचाकर भाग खड़ा हुआ।