तीन लाख के गहनों पर हाथ साफ, अध्यापक दंपत्ति के घर चोरों ने लगाई सेंध
जिला मुख्यालय हमीरपुर के वार्ड नंबर-1 में दिनदहाड़े शातिरों ने एक घर में घुसकर करीब साढ़े तीन लाख के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने अध्यापक दंपत्ति के घर चोरी को अंजाम दिया है।
पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस थाना हमीरपुर सदर में की है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने टीम मौके के लिए रवाना कर दी है। पीड़ित परिवार के मुखिया का नाम संजीव कुमार है।
बताया जा रहा है कि संजीव कुमार नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर-1 कृष्णानगर का रहने वाला है। उनकी पत्नी भी स्कूल में अध्यापक हैं। संजीव कुमार और उनकी पत्नी शुक्रवार सुबह स्कूल ड्यूटी के लिए गए हुए थे।
जबकि उनके बच्चे स्कूल गए थे। इसी का फायदा उठाकर शातिरों ने दिनदहाड़े घर में सेंध लगाकर अलमारी में रखे साढ़े तीन लाख रुपये की कीमत के करीब 8 से 10 तोला सोने के गहने उड़ा कर ले गए।
सारा सामान बिखरा पड़ा मिला
परिवार को चोरी का पता शाम को ड्यूटी के बाद घर लौटने पर चला। संजीव कुमार और उनकी पत्नी ने देखा कि दरवाजे के ताले टूटे हैं और कमरे में सारा सामान बिखरा हुआ है। जिसके बाद उन्होंने पाया कि गहने चोरी हो गए हैं। दंपति ने इसकी सूचना पुलिस थाना सदर हमीरपुर में दी है।
जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। उधर हमीरपुर थाना के प्रभारी संजीव गौतम ने बताया कि पुलिस को चोरी की सूचना मिली है। इसके बाद टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।