पत्नी से परेशान एचआरटीसी चालक ने बस में लगाया फंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पत्नी, सास और साले से दुखी एचआरटीसी के नाहन डिपो में तैनात एक चालक ने रात्रि ठहराव के दौरान बस की छत से फंदा लगा लिया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार शाम सात बजे चालक प्रकाश चंद (35) बस अड्डा नाहन से सवारियां लेकर कौलांवालाभूड़ गया था।
वहां सवारियां उतारने के बाद परिचालक के साथ एक ढाबे में खाना खाया। उसके बाद कंडक्टर अपने घर चला गया। चालक रात्रि ठहराव के लिए बस (एचपी18बी-0885) में सोने के लिए गया। सुबह जब स्थानीय लोग बस में चढ़े तो चालक को बस की छत से लटका पाया।
मामले की सूचना बस स्टैंड नाहन और पुलिस को दी गई। वीरवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मृतक चालक प्रकाश चंद शंभुवाला इलाके का निवासी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि चालक बस स्टैंड से सामान्य ढंग से कौलांवालाभूड़ के लिए बस ले गया था।
पांच साल पहले परिचालक ने भी की थी आत्महत्या
जानकारी मिली है कि चालक पिछले कुछ समय से उदास रहता था। पुलिस ने चालक की जेब से सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इसमें क्या लिखा है, यह बताने से पुलिस ने इनकार किया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर पत्नी, सास और साले के खिलाफ धारा 306 तथा 34 के तहत मामला दर्ज किया है। एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि चालक की जेब से पुलिस ने सुसाइड नोट मिला है।
मृतक के भाई की शिकायत पर मृतक प्रकाश चंद की पत्नी, सास व साले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। करीब पांच साल पहले भी मुख्य बस स्टैंड नाहन में रात्रि ठहराव के दौरान एक परिचालक ने बस के भीतर आत्महत्या कर ली थी। उस वक्त घटना को हत्या से जोड़कर भी बताया गया था। बाद में मामले को लेकर काफी बवाल मचा। बहरहाल, सरकारी बस के भीतर फंदा लगाने का यह दूसरा मामला सामने आया है।