{"_id":"60c077728ebc3ee47e61fee6","slug":"himachal-news-attempt-to-steal-cash-from-himachal-pradesh-gramin-bank-in-kullu","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्रामीण बैंक का शटर तोड़कर चोरी का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
ग्रामीण बैंक का शटर तोड़कर चोरी का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार
Wed, 09 Jun 2021 05:19 PM IST
अरविन्द ठाकुर
अमर उजाला नेटवर्क, पतलीकूहल (कुल्लू)
अमर उजाला नेटवर्क, पतलीकूहल (कुल्लू)
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Wed, 09 Jun 2021 05:19 PM IST
सार
हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक में शातिरों ने चोरी करने का प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि आरोपी सुंदर सिंह (21) निवासी सोनीपत, हरियाणा, इमरान (21) निवासी बागपत, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है। दोनों हरियाणा के लिए फरार हो चुके थे। उन्हें जिले से बाहर जाने से पहले पुलिस ने पकड़ लिया।
विज्ञापन
पुलिस जांच करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पुलिस थाना पतलीकूहल के तहत आने वाले दवाड़ा में बुधवार तड़के हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक में शातिरों ने शटर तोड़कर चोरी का प्रयास किया। लेकिन वह चोरी करने में सफल नहीं हो सके। शातिर बैंक में चोरी करने के लिए अपने साथ बेल्डिंग मशीन व सरिया लेकर आए थे। लेकिन एक स्थानीय निवासी के शोर मचाने के बाद शातिर मौके से भाग गए। चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे में इन दोनों की हरकत रिकॉर्ड हुई है।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार दवाड़ा गांव के बुजुर्ग व्यक्ति हरि सिंह रोजाना की तरह बुधवार सुबह करीब चार बजे भ्रमण के लिए घर से निकले थे। जब वह बैंक के पास पहुंचे तो उन्हें बैंक के अंदर आवाज सुनाई दी। शटर थोड़ा खुला देखा तो उन्हें महसूस हुआ कि कोई व्यक्ति बैंक में चोरी करने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद उन्होंने चोर-चोर कह कर शोर मचाया। इसके बाद बैंक के अंदर से दो युवक भागकर बाहर निकल गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
विज्ञापन
पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी करवाई और मौके पर पड़ी वेल्डिंग मशीन के मालिक का पता करने के लिए सभी वेल्डिंग दुकानों की छानबीन शुरू की। इस दौरान पुलिस ने पाया कि बैंक के स्ट्रांग रूम का ताला टूटा था। लॉकर को वेल्डिंग मशीन से तोड़ने की कोशिश की गई थी। लेकिन शातिर लॉकर को नहीं तोड़ सके। स्ट्रांग रूम में रखी दो अलमारी के ताले खुले हुए थे। बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की तार कटी हुई थी। पानी की टंकी के साथ एक ताला भी काटा हुआ था। इसे काटने के लिए शातिर औजार साथ लाए थे। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद जब लॉकर का ताला खोला गया तो इसमें रखा 10 लाख कैश सुरक्षित पाया गया।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि आरोपी सुंदर सिंह (21) निवासी सोनीपत, हरियाणा, इमरान (21) निवासी बागपत, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है। दोनों हरियाणा के लिए फरार हो चुके थे। उन्हें जिले से बाहर जाने से पहले पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी सुंदर दवाड़ा में पहले कुछ साल से वेल्डिंग दुकान में काम कर चुका था। कुछ समय पहले यहां आया और उसी दुकान में उस मालिक के साथ दोबारा काम करने लगा। दो दिन पहले उसका दोस्त इमरान भी कुल्लू पहुंचा। रात में बैठकर दोनों ने शराब पीकर बैंक लूटने की योजना बनाई। आरोपियों से कड़ी पूछताछ चल रही है।