युवती का ऐसा कारनामा कि फटी रह जाएंगी आंखें!
हिमाचल के बिलासपुर जिले में युवती ने कुछ ऐसा कर डाला कि पुलिस की भी आंखें फटी की फटी रह गईं। पुलिस की वर्दी पहन बिलासपुर के घुमारवीं शहर में घूम रही नाबालिग को पुलिस ने पकड़ा है। फर्जी कांस्टेबल बनकर ये बाजार में घूम रही थी। पुलिस की नजर इस पर पड़ी और संदेह हुआ। जब पूछताछ की गई तो इसका भांडा फूट गया।
हालांकि, शुरूआती जांच में इस पर किसी भी तरह के गैर कानूनी कार्य करने के कोई आरोप नहीं है। नाबालिग को पुलिस ने कस्टडी में लेते हुए उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। बताया जा रहा है कि लड़की मंडी जिले की रहने वाली है। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घुमारवीं पुलिस शहर में गश्त पर थी।
इसी दौरान 17 साल की नाबालिग पुलिस की वर्दी में वहां घूम रही थी। घटना शुक्रवार दोपहर की है। इसकी खबर बाजार में आग की तरह फैल गई। फर्जी पुलिस कर्मी बनकर कारोबारियों से पैसे ऐंठने की अफवाह भी खूब चली। पुलिस जांच में इस तरह का कोई भी खुलासा नहीं हुआ।
परिजनों को भी थाने बुलाया
पुलिस की छानबीन में खुलासा हुआ है कि नाबालिग पिछले एक सप्ताह से निकटवर्ती क्षेत्रों में वर्दी पहनकर घूम रही थी। थाना प्रभारी रमेश चंद के नेतृत्व में घुमारवीं पुलिस ने जब नाबालिग से पूछताछ की तो वो पहचान पत्र तथा कोई अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। बताया जा रहा है कि नाबालिग मंडी जिले की रहने वाली है और जमा दो पास है।
थाना प्रभारी रमेश चंद के अनुसार पुलिस ने नाबालिग के परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस ने भादंस की धारा 171 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी घुमारवीं अजनीं जस्वाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग के परिजनों को पुलिस ने बुलाया है। मामले की छानबीन जारी है।