नशा तस्करों से घूस लेने के आरोपी एएसपी और हेड कांस्टेबल पर एफआईआर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नशा तस्करों से घूस लेने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। नशे के सौदागरों से हर माह 29 हजार रुपये घूस लेने के आरोप में ऊना के पूर्व एएसपी मदन लाल कौशल और तत्कालीन एसआईयू प्रभारी हेड कांस्टेबल बृज भूषण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
शुक्रवार को ऊना के सदर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने यह केस नशीले पदार्थों की तस्करी करते पकड़े तीन युवकों से पूछताछ के बाद दर्ज किया है। मामला दर्ज करने के बाद डीजीपी सीताराम मरडी ने जांच एसपी सीआईडी को सौंप दी है।
यहां जानिए क्या है पूरा मामला
ऊना पुलिस ने बीते बुधवार को नशीले पदार्थों की तस्करी करते तीन युवकों को गिरफ्तार किया था। इनकी गाड़ी से 21.3 ग्राम चरस, 6.99 ग्राम चिट्टा, देशी और अंग्रेजी शराब की 13 बोतलें बरामद हुईं।
तीनों से हुई पूछताछ में पता चला कि पूर्व में तैनात रहे एएसपी मदन लाल कौशल और तत्कालीन एसआईयू प्रभारी बृज भूषण उनसे संरक्षण के एवज में 25 हजार और चार हजार रुपये हर माह वसूली करते थे।
दोनों पुलिस अफसरों को आरोपी तस्कर यह रकम उनके घर जाकर देते थे। डीजीपी सीताराम मरडी के निर्देश के बाद दोनों के खिलाफ ऊना में ही मामला दर्ज किया गया है।
डीजीपी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए केस सीआईडी को सौंपा गया है। जांच का जिम्मा एसपी सीआईडी संदीप धवल संभालेंगे। मामले में आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को भी रिपोर्ट सौंप दी गई है।