चोरी का नया अंदाज, सरेआम गायब कर दिए 1.50 लाख
शातिर चोरों ने एक शख्स को फिल्मी अंदाज में 1.50 लाख का चूना लगा दिया। सब कुछ इतना जल्दी हुआ कि किसी को पता भी नहीं चला। चोरी का ऐसा अंदाज सामने आने के बाद लोग भी दंग रह गए। वारदात हिमाचल के नाहन में अंजाम दी गई।
यहां शहर के सबसे पॉश इलाके दिल्ली गेट में मंगलवार सुबह फिल्मी अंदाज में शातिरों ने उद्योग के एक स्टोर कीपर का डेढ़ लाख रुपयों से भरा बैग उड़ा लिया। पीएनबी शाखा से कैश निकालकर महज 50 मीटर की दूरी पर पलक झपकते ही शातिर बगल में रखा बैग उठा ले गए।
दरअसल मंगलवार सुबह 11.10 बजे कालाअंब के एक उद्योग के स्टोर इंचार्ज नाहन निवासी अशोक गर्ग ने दिल्ली गेट के समीप पीएनबी से दो लाख रुपये निकाले। उसने 30 हजार आईसीआईसीआई बैंक में जमा करवा दिए।
ऐसे अंजाम दी चोरी की ये वारदात
1.50 लाख रुपये बैग में और 20 हजार अपनी जेब में रखकर वह दिल्ली गेट के समीप पहुंचा। इसी बीच पीपल के पेड़ के नीचे उसकी शर्ट पर गंदगी गिरी जिसे वह साफ करने लग गया। उसने अपना बैग एक दुकान के बाहर सामान पर रख दिया। इतने में शातिर बैग लेकर चंपत हो गए। जबकि महज 10 कदम पर ट्रैफिक पुलिस का कर्मचारी तैनात था।
पुलिस के अनुसार शातिर बैंक से ही रेकी कर रहे थे। उन्होंने फिल्मी अंदाज में दिल्ली गेट के समीप पीपल के पेड़ के नीचे अशोक की शर्ट पर बीठ जैसा कोई पदार्थ फेंका ताकि उसका ध्यान शर्ट साफ करने में लग जाए और बैग नीचे रख दे। हुआ भी ऐसा ही और पलक झपकते बैग गायब।
एएसपी प्रोवेशनर स्वप्निल मेश्रम ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। पुलिस जब पीएनबी की सीसीटीवी फुटेज खंगालने पहुंची तो कैमरे बंद पड़े हुए थे। पुलिस ने बैंक के प्रति गहरी नाराजगी जताई।