आठवीं कक्षा की छात्रा ने लगाया फंदा, यहां जानिए पूरा मामला
पर्यटन नगरी मनाली के गोंपा रोड में शनिवार शाम को एक किराये के कमरे में 14 वर्षीय छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। छात्रा मनाली के ही एक स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है। आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
मौके से कोई सूसाइड नोट बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। सूचना मिलने पर डीएसपी मनाली शेर सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे मनाली पुलिस को पीसीआर कुल्लू से घटना की सूचना मिली। घटना के दौरान कमरे में छात्रा के अलावा कोई नहीं था।
घर लौटने पर उनकी बेटी फंदे से लटकी मिली
मृतका के माता पिता झारखंड के रहने वाले हैं जो दिहाड़ी लगाकर आजीविका कमा रहे हैं। दोनों के घर लौटने पर उनकी बेटी फंदे से लटकी मिली। छात्रा ने कमरे को अंदर से बंद कर रखा था, जिसे पुलिस ने आकर खोला।
मौके पर दुपट्टे के सहारे छात्रा लकड़ी से लटकी हुई मिली। पुलिस ने शव उतार कर अपने कब्जे में ले लिया। मौके से सूसाइड नोट या अन्य कोई संदिग्ध सामान नहीं बरामद हुआ है। शव सिविल अस्पताल मनाली में पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
मामले में एसआई संजय जांच कर रहे हैं। लड़की के इस कदम को लेकर हर कोई दंग है। इधर, एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल पर लाई गई है। तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।