जांच में खुलासा, बाजार में धड़ल्ले से आ रहे हैं 2000 के नकली नोट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
2000 रुपए के नकली नोट से आप भी सावधान हो जाएं। बाजार में तेजी से नकली नोटों का धंधा चल रहा है। खुद पुलिस ने इसका खुलासा किया है। हिमाचल के जिला कांगड़ा में ऐसे गिरोह का पता चला है जो नकली नोट सप्लाई कर रहा है।
यहां पपरोला में नकली नोट मिलने के मामले में बैजनाथ पुलिस को एक और सफलता हासिल हुई है। बैजनाथ पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है जो इन नोटों की सप्लाई में शामिल हैं।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान निशानदेही पर मारंडा रेलवे फाटक के पास कूहल के किनारे से 2 हजार रुपये के 5 नकली नोट पर बरामद किए हैं। सूत्रों की मानें तो आरोपी सन्नी ने रिमांड के दौरान कबूला है कि उसके पास 2 हजार रुपये के नकली नोट बैग में थे।
लेकिन उसने अभी यह नहीं बताया है कि बैग में कितनी मात्रा में नकली नोट थे। साथ ही ये नकली नोट कहां तैयार किए जा रहे हैं और कहां कहां इनकी सप्लाई हो रही है, इसका भी पुलिस पता लगा रही है।
नकली नोट की गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने दबोचा
29 जनवरी को पपरोला के पेट्रोल पंप के पास पंकज निवासी वार्ड नंबर 4 धोबी मोहल्ला पालमपुर को बैजनाथ पुलिस ने लोगों की सूचना पर नकली नोट रखने के आरोप में दबोचा था, जबकि उसका साथी सन्नी निवासी जालंधर वहां से फरार हो गया था।
बाद में सन्नी को पुलिस ने जालंधर से गिरफ्तार किया था। डीएसपी पूर्ण चंद ने बताया कि कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 3 फरवरी तक रिमांड पर भेजा है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि मामले में और अधिक जांच के लिए पुलिस न्यायालय से रिमांड बढ़ाने का आग्रह कर सकती है।
बड़े गिरोह का होगा पर्दाफाश
बैजनाथ पुलिस का दावा है कि जल्द ही नकली नोटों के मामले में एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश होगा। बैजनाथ के डीएसपी पूर्ण चंद ठुकराल ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो हजार के 5 फटे हुए नकली नोट मारंडा से बरामद किए हैं। कहा कि दोनों आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है और मामले में अहम सुराग हाथ लगे हैं।