गैंगरेप: फेसबुक के 9 ग्रुप ट्रेस, अब इनकी खैर नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हिमाचल पुलिस ने कथित गैंगरेप के नाम पर फेसबबुक, ट्विटर व्हाट्स एप पर सनसनी फैलाने वालों पर आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है। जल्दी ही ऐसी अफ वाहें फैलाने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा सकता है। हिमाचल प्रदेश पुलिस की धर्मशाला प्रकरण में जांच अब सोशल मीडिया की ओर मुड़ गई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि ऐसे प्रारंभिक नौ ग्रुप ट्रेस कर लिए हैं, जिनसे इस अफवाह का सृजन हुआ कि धर्मशाला में गैंगरेप हुआ है। जिन लोगों ने इस मामले में फेसबुक, व्हाट्सऐप, ट्विटर आदि पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, उन्हें भी जांच की जद में लिया जा सकता है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों और सनसनी फैलाने वालों में प्रदेश के कई साहित्यकार व प्रतिष्ठित लोग भी शामिल रहे हैं।
सोशल मीडिया पर फर्जी फोटो तक पोस्ट कर दिए
ऐसे लोगों से भी पुलिस यह पूछताछ कर सकती है कि जिन्होंने बिना तथ्यों को पुष्ट किए क्यों ऐसे कमेंट पोस्ट किए, जो समाज को गुमराह करते हैं और सनसनी फैलाते हैं। उन्हें मामले में जोड़ा जा सकता है। राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था संजय कुंडू ने शनिवार को माना कि अब जांच सोशल मीडिया आस्पेक्ट पर चल पड़ी है। जल्दी ही इसमें कुछ नई बातें सामने आएंगी तो उन्होंने मीडिया को शेयर किया जाएगा। डीजीपी संजय कुमार ने भी कहा कि कानून से बड़ा कोई नहीं है, जिन्होंने भी यह सनसनी फैलाई उन पर कार्रवाई होगी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोशल मीडिया पर कथित पीड़िता के फर्जी फोटो तक पोस्ट किए गए। कथित पीड़िता की जगह किसी और महिला को अस्पताल में घायल अवस्था में दिखाया गया। वह महिला किसी दुर्घटना में घायल हुई थी।
कई लोगों ने उसकी मौत की खबर भी चला दी। कई पोस्ट में तो पुलिस ही नहीं, बल्कि मीडिया को भी जमकर गालियां दी गईं। इसकी दिल्ली के एक बहुत बड़े गैंगरेप से तुलना की गई। राज्य के कुछ नेताओं को भी बदनाम करने का खूब प्रयास किया गया।
सनसनी फैलाने वाली शिकायतकर्ता महिला गायब!
कथित गैंगरेप मामले की शिकायतकर्ता महिला क्या लापता हो गई है? पुलिस महकमे की नींद उड़ाने वाली यह महिला कहां है, इसका पता न तो पुलिस को है, न ही महिला के मायके वालों को और न ही ससुराल वालों को। अमर उजाला ने शनिवार को महिला की तफ्तीश की। अमर उजाला की टीम पहले महिला थाने में गई।
वहां से बताया गया कि शिकायतकर्ता महिला को कोर्ट में पेश करने के बाद उसकी मां के घर भेज दिया गया था। महिला के मायके में उसकी मां और नानी मौजूद थीं। महिला की मां ने बताया कि उसकी बेटी को वीरवार को पुलिस रात करीब 11 बजे घर लाई थी। इसके बाद पुलिस पहरे में बेटी को रखने के बाद शुक्रवार सुबह सात बजे कहीं ले गई।
महिला न ससुराल में, न मायके में और न ही पुलिस के पास
इसके बाद उसकी बेटी का कोई अता पता नहीं चल रहा। उन्हें उनकी बेटी की चिंता हो रही है। अमर उजाला से बातचीत के दौरान शिकायतकर्ता की मां ने धर्मशाला में पुलिस अधिकारी को फोन लगाया। महिला ने पूछा कि उसकी बेटी कहां है, अधिकारी ने जवाब दिया कि उनकी बेटी को उसके ससुराल भेज दिया गया है। अमर उजाला टीम तुरंत लंज रोड पर एक गांव में शिकायतकर्ता महिला के ससुराल पहुंच गई।
महिला की सास और उसके ससुर ने बताया कि उनकी बहू पिछले तीन दिन में उनके घर नहीं आई है। यहां पुलिस भी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि उनकी बहू पिछले डेढ़ साल से घर नहीं आई है। वहीं, जिला पुलिस प्रवक्ता ने भी महिला कहां है, इसके बारे में अनभिज्ञता जाहिर की। आईजी नॉर्थ जोन धर्मशाला जीडी भार्गव ने भी बताया कि पुलिस को नहीं पता कि शिकायतकर्ता महिला कहां है।
शिकायतकर्ता की मां बोली, मेरी बेटी को जान को खतरा
शिकायतकर्ता महिला की मां ने बताया कि उसकी बेटी को साजिश के तहत फंसाया गया है। पुलिस ने अभी तक उसे उसकी बेटी से न तो मिलाया और न ही बात करने दी है। आखिर पुलिस उसे उसकी बेटी से क्यों नहीं मिला रही। मां ने अंदेशा जताया कि उसकी बेटी को जान का खतरा है।
एसपी की प्रेस विज्ञप्ति सीएम के फेसबुक पेज पर भी शेयर- राज्य के मुख्यमंत्री के ऑफि शियल फेसबुक पेज पर कांगड़ा जिले के एसपी की ओर से धर्मशाला प्रकरण से संबंधित लिखी प्रेस विज्ञप्ति को शेयर किया गया। यहां तक की इस प्रेस विज्ञप्ति के बाद जनता से सहयोग की अपील भी मांगी गई। इसमें पोस्ट बॉय एडमिन लिखा गया। मुख्यमंत्री के पेज से अब तक इस प्रेस विज्ञप्ति और अपील के बड़ी संख्या में शेयर और लाइक भी हो चुके हैं।
शिकायतकर्ता महिला को फोन करने वाले दो युवक धरे
कथित गैंगरेप मामले की शिकायतकर्ता महिला को 22 मई को फोन करने वाले दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने वीरवार रात को ही दोनों युवकों को कांगड़ा के पास गगल गांव से उठाया। तफ्तीश करने पर पता चला कि इन युवकों को कुछ अन्य युवकों ने 18 मई को शिकायतकर्ता महिला का मोबाइल नंबर दिया था।
फोन नंबर मिलने के बाद इन युवकों ने 22 मई को महिला को फोन किया और आपत्तिजनक बातें कीं। जिस वक्त इन युवकों ने फोन किया उस वक्त धर्मशाला पुलिस उस महिला से पूछताछ कर रही थी। पुलिस ने महिला को फोन उठाने के लिए कहा। युवकों ने महिला से पैसे की बात की । पुलिस ने जाल बिछाकर दो युवकों को पकड़ा और धर्मशाला थाने ले आई।
उनसे पूछताछ की गई। बाद में युवकों के परिजन भी थाने पहुंच गए। इसके बाद युवकों को छोड़ा गया। शनिवार को पूछताछ के लिए युवकों को फिर बुलाया गया। इस दौरान युवकों के परिजनों ने थोड़ा बहुत हंगामा भी किया। चूंकि, मामला कथित गैंगरेप की शिकायतकर्ता से जुड़ा था इसलिए पुलिस जांच में किसी भी तरह ढील बरतना नहीं चाहती। अभी पुलिस ने युवकों को घर भेज दिया है। दोनों युवक अच्छे घरानों से हैं।