सीबीएसई पेपर लीक के तीनों आरोपी निलंबित, प्रबंधन कमेटी ने लिया फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीबीएसई जमा दो अर्थशास्त्र का पेपर लीक करने के मुख्य आरोपियों को डीएवी सेंटेनेरी की स्थानीय प्रबंधन कमेटी ने निलंबित कर दिया है। सोमवार को डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल कमेटी की लोकल मैनेजमेंट कमेटी (एलएमसी) की बैठक स्कूल के वाइस चेयरमैन बलविंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई।
इसमें एलएमसी ने डीएवी स्कूल की प्रबंधन कमेटी से विचार-विमर्श कर आरोपी कर्मचारियों के निलंबन का प्रस्ताव रखा। तीनों आरोपियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए गए।
बैठक सोमवार सुबह रखी गई थी, जो किन्हीं कारणों से दोपहर तक स्थगित कर गई। कमेटी की ओर से अधिकृत सदस्यों ने बैठक कर इसकी सूचना डीएवी मुख्यालय को दी।
लोकल मैनेजमेंट कमेटी के वाइस चेयरमैन बलविंद्र सिंह ने बताया कि अग्रिम आदेशों तक तीनों आरोपी कर्मचारियों संतोषगढ़ निवासी पीजीटी राकेश शर्मा, जखेड़ा निवासी ऑफिस क्लर्क अमित शर्मा और चपरासी अशोक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना निंदनीय है। कमेटी ने इस पर सख्त निर्णय लेकर इन्हें निलंबित कर दिया है।
क्राइम ब्रांच की संभावित दबिश से हड़कंप
सीबीएसई पेपर लीक मामले में सोमवार को दिन भर क्राइम ब्रांच की संभावित दबिश को लेकर हड़कंप की स्थिति रही। हमीरपुर रोड स्थित यूनियन बैंक की शाखा, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल और पेखुवेला स्थित जवाहर नवोदय स्कूल में टीम को लेकर असमंजस की स्थिति रही।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस की एसआईटी सोमवार सुबह आरोपियों को लेकर ऊना आने वाली थी, लेकिन किसी वजह से टीम नहीं आई। इधर, ऊना में पूरा दिन एसआईटी की दबिश को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म रहा। दोपहर बाद तक दिल्ली पुलिस की टीमें संभावित जगहों पर नहीं पहुुंच सकीं।
बताया जा रहा है की क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी राकेश शर्मा, अमित शर्मा और अशोक कुमार को सीन रि-क्रिएट करने के मकसद से उन सभी जगह लेकर जाएगी, जहां-जहां उन्होंने पेपर लीक की घटना को अंजाम दिया।
यहां जानिए पेपर लीक का पूरा मामला
पीजीटी राकेश कुमार की ड्यूटी बतौर सेंटर सुपरिंटेंडेंट पेखुवेला जेएनवी में लगी थी। उसने 23 मार्च, 2018 को दो अन्य साथियों अमित और राकेश से मिलकर यूनियन बैंक और इंडिया की ऊना शाखा में रखे पेपर के बंडल में से 26 को होने वाले जमा दो के अर्थशास्त्र के पेपर का बंडल उठा लिया।
इसे बाद में अमित ने हल्का सा फाड़कर उसमें से पेपर बाहर निकाला और उसे व्हाट्सऐप पर राकेश को भेज दिया। पुलिस की अब तक की जांच के मुताबिक इस घटना को स्कूल से बाहर एक कार में अंजाम दिया गया।
पेपर लीक करने के बाद राकेश ने इसे फिरोजपुर में रहने वाली दूर की रिश्ते में भाभी को भेजा। इसके बाद यह पूरे देश में वायरल हो गया। इस बार डीएवी स्कूल में सीबीएसई का परीक्षा केंद्र नहीं था।