किसी को नहीं लगी भनक, शातिरों ने फूंक डाली कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जाखू में शातिरों ने कार को फूंक डाला। रात को वारदात को अंजाम दिया गया। घटना का सुबह पता चला। कार राख हो गई है। सुबह धुआं उठता दिख रहा था। वारदात के बाद सनसनी फैल गई है। कार ओकवुड जाखू में किराये के मकान में रहने वाले राकेश कुमार की बताई जा रही है। यह राम बाजार में दुकान करते हैं। वारदात को किसने अंजाम दिया, पता नहीं चल पाया है।
सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने भी वारदात स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना सदर में मुकदमा दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। राकेश कुमार ने कार को घर से करीब 15 कदम दूर स्ट्रीट लाइट के नीचे खड़ा किया था। कार को लॉक करके घर चले गए थे।
ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर लगा दी आग
सुबह करीब आठ बजे उनकी मां घर से बाहर आई और उन्होंने बेटे को घटना की जानकारी दी। शुरूआती जांच में सामने आया है कि जिस जगह पर कार को खड़ा किया गया था। वहां से उसे आरोपी कार को धकेलकर उतराई में थोड़ा नीचे ले गए थे। इसके बाद कार पर कोई ज्वलनशील पदार्थ छिड़कर आग के हवाले कर दिया।
अंदेशा जताया जा रहा है कि वारदात को रात ग्यारह और बारह बजे के बीच अंजाम दिया गया है। जिस जगह यह वारदात हुई वहां से कुछ दूर और भी गाड़ियां खड़ी थी, लेकिन उनको शातिरों ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। पुलिस भी इसे रंजिश का मामला मानकर चल रही है। कार मालिक से कहा गया है कि अगर किसी पर कोई शक है तो उनका नाम बताए।
दो हफ्ते पहले हवा निकाल दी थी, शीशे भी तोड़े थे
कार मालिक का कहना है कि करीब दो सप्ताह पहले भी उसकी कार के दो टायरों से हवा निकाली गई थी। दिवाली में उसकी कार के शीशे तोड़े गए थे। राकेश कुमार ने अंदेशा जताया कि जानबूझ कर उसी की कार को निशाना बनाया गया। स्थानीय लोग वारदात के बाद खौफजदा हैं। लोगों का कहना है कि इस इलाके में रात के समय पुलिस गश्त न होने से शरारती तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि रात की गश्त शुरू की जाए ताकि इस तरह की वारदातों पर अंकुश लग पाए। डीएसपी सिटी बलबीर सिंह ने कहा कि मामले की जांच चल रही है जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। यहां गश्त पर विचार किया जाएगा।