अंकुश की मौत के रहस्य के बिलासपुर से जुड़े तार
पर्यटन व्यवसाय से जुड़े युवक अंकुश की मौत की गुत्थी पुलिस ने लगभग सुलझा ली है। उसकी मौत के रहस्य से पर्दा उठाने से पहले पुलिस को फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। क्योंकि इसी के बाद इस केस की सही दिशा तय हो पाएगी। पुलिस ने इस केस की सभी कड़ियों को जोड़ लिया है। वारदात से ठीक एक दिन पहले अंकुश को बिलासपुर में कुछ युवकों ने बुरी तरह पीटा था।
उसकी मौत पिटाई की वजह से हुई है या फिर कोई और कारण रहा, यह खुलासा फोरेंसिक रिपोर्ट से ही हो पाएगा। मारपीट प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है। घटनाक्रम में इस्तेमाल गाड़ियों का भी पता लगा लिया गया है। अब तक की छानबीन में सामने आया है कि अंकुश (22) मोटरसाइकिल पर किसी से मिलने बिलासुपर गया था।
वहां कुछ युवकों ने सुनियोजित तरीके से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। उसे अधमरा कर मौके से फरार हो गए। होश में आने के बाद अंकुश ने मोटरसाइकल स्टार्ट की और टूटू लौट आया। अगले दिन घर के बाथरूम में उसकी मौत हो गई। पहले इसे महज एक हादसा माना जा रहा था। सबको यही लग रहा था कि बाथरूम में पैर फिसल कर उसकी जान गई है लेकिन जब पोस्टमार्टम के वक्त उसके
शरीर पर चोटों के निशान देखे गए, उसके बाद पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा थाना बालूगंज में दर्ज किया गया है। अंकुश ने चक्कर में एक होटल लीज पर ले रखा था। वह अपनी मां के साथ टुटू में एक मकान में रहता था। उसका भाई करन भी इसी भवन में अलग फ्लोर में रहता है।
आखिर अंकुश क्यों गया बिलासपुर
मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच की आंच जिला बिलासपुर तक जा पहुंची। वहां इस बात के पुख्ता सबूत टीम के हाथ लगे कि अंकुश को वहां बुरी तरह पीटा गया था। इसके बाद उन लोगों की भी शिनाख्त कर ली गई जिन्होंने उस पर हमला किया था। इनमें से अधिकांश आरोपियों से पुलिस पूछताछ भी कर चुकी है।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने उसे पहले मिलने क्यों बुलाया और फिर उसे क्यों पीट दिया। इसके जवाब में आरोपी अपनी अपनी कहानी बयां कर रहे हैं। लिहाजा पुलिस इस मामले पर से रहस्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही करेगी।
एएसपी सिटी भजन देव नेगी ने कहा कि अंकुश की मौत की असल वजह क्या है, इसका पता फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। बिलासपुर में कुछ व्यक्तियों ने अंकुश की पिटाई की थी, उनका पता पुलिस ने लगा लिया है। क्या मौत पिटाई से हुई है या फिर वजह कुछ और है, यह आने वाले दिनों में ही साफ हो पाएगा।