दामाद बना हैवान, पत्नी को पीटा, कुल्हाड़ी से ससुर को भी मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पत्नी को पीटकर दामाद ने कुल्हाड़ी से कई वार कर ससुर को मौत के घाट उतार दिया। वारदात रविवार रात हिमाचल के मंडी के पंडोह में थर्ड आईआरबी बटालियन के गेट से कुछ ही दूरी पर अंजाम दी गई। आरोपी दामाद फिलहाल फरार है।
पुलिस ने मौके से कत्ल में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। एसपी मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार रविवार देर शाम पंडोह बाजार से दुकान बंद कर घर जा रहे अशोक कुमार (55) की उसके दामाद ने कुल्हाड़ी से कई वार कर हत्या कर दी।
सोमवार सुबह तीन बजे एनएच किनारे नाली से अशोक का लहूलुहान शव बरामद हुआ है। मृतक के सिर, गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार के निशान मिले हैं। हत्या की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा मौके पर पहुंचे, जिन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मंडी अस्पताल भेजा।
कुल्हाड़ी से ससुर की ली जान, फिर हो गया फरार
मृतक की पत्नी सोमलता ने पुलिस को बताया कि उनके पति अशोक कुमार पंडोह बाजार में दुकान करते थे। उनका एक बेटा व दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी जितेंद्र कुमार निवासी पुराना बाजार सुंदरनगर से हुई है। दामाद भी उनके साथ ही रहता है।
दामाद अक्सर बेटी के साथ झगड़ा करता रहता है। गत रविवार रात दस बजे दामाद घर आया और बेटी के साथ मारपीट कर सभी को जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने पड़ोसियों के आंगन से कुल्हाड़ी उठाई, जिस पर उन्होंने अंदर से दरवाजा बंद कर दिया।
इसके बाद बेटी ने अपने पिता को घटना के बारे में सूचित किया। रात करीब 11 बजे तक अशोक कुमार दुकान से नहीं लौटे तो पत्नी और बेटी साढ़े ग्यारह बजे पंडोह चौकी में शिकायत दर्ज कराने पहुंचीं। पंडोह पुलिस की सहायता से पत्नी और बेटी पंडोह बाजार व आसपास के क्षेत्र में तलाश करती रहीं। सोमवार सुबह सवा तीन बजे अशोक कुमार एनएच किनारे नाली में मृत हालत में मिला।