शादी से मना किया तो युवती के मुंह पर फेंक दिया तेजाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शादी से इंकार करने पर एक युवक ने साथ में काम करने वाली युवती के मुंह पर तेजाब फेंक दिया। सहेलियों के साथ घर लौट रही युवती का चेहरा बुरी तरह से झुलस गया है। इसे गंभीर हालत में पीजीआई रैफर किया गया है। युवती के साथ दो अन्य युवतियों पर भी तेजाब के छींटे गिरे हैं। एसिड अटैक का ये सनसनीखेज मामला हिमाचल के सोलन में सामने आया।
यहां औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी के शिवालिक नगर में मंगलवार शाम 6.30 बजे एक युवक ने अपनी सहकर्मी के मुंह पर तेजाब फेंक दिया। इससे युवती का चेहरा बुरी तरह से झुलस गया है। उसके सिर, बाजू और टांगों में गंभीर जख्म हो गए। घटना के वक्त युवती फैक्ट्री में ड्यूटी करके अपनी सहेलियों के साथ घर लौट रही थी। युवक भागता हुआ आया और सुनसान जगह में तेजाब फेंककर फरार हो गया।
एक ही कंपनी में काम करते हैं दोनों
तेजाब फेंकने से युवती के साथ चल रही उसकी दो सहेलियों पर भी तेजाब के छींटे पड़े हैं। वे भी झुलसी हैं। तेजाब फेंकने का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। युवक शादी का दबाव बना रहा था और युवती ने इससे इंकार कर दिया था। घायल युवती को गंभीर अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीडि़त युवती झाड़माजरी में एक मिनरल वाटर कंपनी में काम करती है। मंगलवार शाम करीब साढ़े 6 बजे वह फैक्ट्री से ड्यूटी के बाद अपनी सहेलियों के साथ आ रही थी। इसी फैक्ट्री में काम करने वाले एक युवक ने पीछा करना शुरू कर दिया जिसकी उनको भनक तक नहीं लगी। शिवालिक नगर में एक सुनसान जगह पर युवक ने युवती के मुंह पर तेजाब फेंक दिया और भाग खड़ा हुआ।
कई दिनों से पीछा कर रहा था युवक
तेजाब गिरने से लड़कियां चीखने-चिल्लाने लगीं। साथ के गांव पलांखवाला निवासी वीरेंद्र और महेंद्र ने उनकी आवाजें सुनीं तो उसके पास दौड़े और झुलसी युवती को स्थानीय निजी क्लीनिक में ले गए, लेकिन डॉक्टर ने पुलिस का हवाला देते हुए उपचार करने से मना कर दिया। इसके बाद लड़की को बरोटीवाला पुलिस स्टेशन ले गए जहां से उसे ईएसआई अस्पताल काठा ले जाया गया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। तेजाब डालने की इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीडि़ता की सहेलियों का कहना है कि युवक-युवती एक ही उद्योग में काम करते थे। युवक पिछले काफी दिनों से युवती का पीछा कर रहा था। उससे शादी के लिए दबाव बना रहा था। मना करने पर उस पर तेजाब फेंक दिया।
एसपी बद्दी जी शिवा का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। अभी तक युवती और युवक की पहचान पुख्ता नहीं हो सकी है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा। मुकदमा दर्ज कर युवती को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया है।