घर में घुसकर 80 साल की बुजुर्ग की हत्या, दो दिन बाद हुआ खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
80 वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का खून से सना शव घर से बरामद किया गया है। हत्यारों ने बुजुर्ग महिला के सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतारा है। प्रारंभिक दृष्टि हत्या की वजह लूटपाट मानी जा रही है।
हत्या का यह सनसनीखेज मामला हिमाचल के घुमारवीं की ग्राम पंचायत बकरोआ के गांव खुराड़ी में सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि हत्यारा घर के अंदर खिड़की के माध्यम से घुसा है क्योंकि खिड़की मौके पर टूटी हुई मिली है।
घर के अंदर पूरा सामान अस्तव्यस्त है। अलमारी खुली पड़ी है। महिला के सिर पर गहरी चोट के भी निशान है। बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेली ही रहती थी। मृतक बुजुर्ग की पहचान गंगा देवी पत्नी स्व. प्रभु राम निवासी खुराड़ी के रूप में हुई है।
पंचायत उप प्रधान प्रीतम सिंह चंदेल ने बताया कि उन्हें लोगों ने सूचित किया कि महिला 2 दिन से घर के भीतर ही है और उसका दरवाजा भी बंद है। जैसे ही वह लोगों के साथ बुजुर्ग के घर पर पहुंचे तो कमरा भीतर से बंद था।
इसके बाद उन्होंने खिड़की के माध्यम से जैसे ही भीतर झांक कर देखा तो महिला का शव खून से सना बिस्तर पर पड़ा था। उन्होंने तत्काल पुलिस को इस बारे में सूचित किया। डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
इसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। खोजी कुत्तों और फॉरेंसिक साइंस टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से छानबीन जारी है।
पति और बेटी की पहले ही हो चुकी है मौत
पंचायत प्रधान प्रीतम चंदेल ने बताया कि बुजुर्ग घर पर अकेली ही रहती थी। 80 साल की होने के बावजूद भी उसने पशु पाल रखे हुए थे। उपप्रधान ने बताया कि महिला के पति प्रभु राम की करीब 45 साल पहले ही मौत हो चुकी है जबकि उनकी एक बेटी थी। उसकी भी पहले ही मौत हो चुकी है।
लूट हो सकता है हत्या की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बुजुर्ग पेंशन भोगी थी। महिला के पास जमीनी जायदाद के साथ अचल संपत्ति भी थी। बुजुर्ग के पति भारती सेना तैनात थे। ऐसे में माना जा रहा है कि हत्यारों ने घर में रखे जेवरात, पैसों के लिए इस वारदात को अंजाम दिया है।
मगर पुलिस के सामने मुश्किल यह है कि महिला के अकेले होने के कारण इस बात का पता लगाना मुश्किल है कि घर से हत्यारे क्या-क्या सामान लूटकर ले गए हैं। हालांकि इस गुत्थी को सुलझाने के लिए बुजुर्ग के नजदीकी रिश्तेदारों से भी संपर्क साधा जा रहा है।