हिमाचलः एक दिन में आठ हादसे, तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय राज्यमार्ग 88 पर बस और आल्टो की टक्कर होने से दादी और पोती की मौत हो गई है। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है। पुलिस के मुताबिक ज्वालामुखी से पांच किलोमीटर दूर बस्दी कोहाला स्थान पर नादौन से आ रही निजी बस और आल्टो कार में टक्कर हो गई।
कार में सवार चार लोगों को गंभीरावस्था में सिविल अस्पताल ज्वालामुखी पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डा. सतिंद्र वर्मा ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार किया। रंजना देवी पत्नी ओम प्रकाश निवासी करियाड़ा (देहरा) की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य को टांडा रेफर कर दिया गया।
रितिका पुत्री बुद्धि सिंह निवासी बणे दी हट्टी की टांडा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई है। लड़की रितिका रंजना देवी की पोती थी। वरुण कुमार पुत्र अशोक कुमार घायलावस्था में है। कार चालक तिलक राज पुत्र ओम प्रकाश को भी इस हादसे में चोट आई है।
ट्रैक्टर पलटने से 12 लोग घायल
वहीं, बद्दी के वर्धमान-सिक्का होटल मार्ग पर काठा में एक ट्रैक्टर के पलटने से 12 लोग घायल हो गए। घायलों को मल्होत्रा चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद नालागढ़ चिकित्सालय भेज दिया गया। यह हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ है।
हादसे के वक्त ट्रैक्टर पर 24 लोग सवार होकर सरस्वती विसर्जन के लिए जा रहे थे। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। मेवा सिंह ट्रैक्टर को चला रहा था।
कई बार लोगों ने उसे धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना और पानी टंकी के सामने ट्रैक्टर को पलट दिया जिससे प्रवासी कामगार अनिल कुमार, अशोक कुमार, पवन, नरेश, हेमंत, संतोष, सुधीर, राज कुमार, राहुल व रोहित को गंभीर चोटें आने पर मल्होत्रा चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने चालक मेवा सिंह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के जुर्म में 279 व 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
टिप्पर खाई में लुढ़का, चालक की मौत
उधर, मंडी के पुलिस थाना करसोग के तहत कलंगार में मंगलवार तड़के एक टिप्पर 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसे में टिप्पर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल अन्य व्यक्ति को करसोग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएससी शिमला रेफर कर दिया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज गति माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक करसोग से शिमला जा रहा टिप्पर मंगलवार सुबह करीब तीन बजे कलंगार के समीप लुढ़क गया। जिसमें चालक पूर्ण चंद पुत्र भादरू राम निवासी भडारणू की मौके पर ही मौत हो गई है।
वहीं घायल कटाहच निवासी मनोहर लाल को करसोग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी रेफर कर दिया गया है। मनोहर लाल सुबह तीन बजे घायलावस्था में तड़पते हुए कड़ी मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचा। कार से लिफ्ट लेकर मनोहर करसोग अस्पताल पहुंच गया। वहीं, घटनास्थल में पहुंच कर पुलिस ने मृतक चालक को गाड़ी से निकाला और शव का पोस्टमार्टम करवाया।
चंबा में टिप्पर गिरा, तीन घायल
चंबा के चुवाड़ी के मतियारी मोड़ के पास भी एक टिप्पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को भी इस मामले की सूचना दी गई।
घायलों में से निशा देवी पत्नी चमन सिंह गांव डुंगरू ने बताया कि वह और उसका बेटा साहिल वाहन में सवार थे। निशा ने बताया कि वाहन चालक काफी तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। ऐसे में मतियारी मोड़ के पास जब यह चालक अपनी रफ्तार को कम नहीं कर पाया तो, तो खाई में जा गिरा।
इसके चलते उसे व उसके बेटे समेत चालक को चोटें आईं। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 337 मामला दर्ज कर लिया है। इसकी पुष्टि एसपी चंबा डीके चौधरी ने की है।
बाइक स्किड होने से एक जख्मी
ऊना क्षेत्र के शनि देव मंदिर रक्कड़ कालोनी के पास बाइक स्किड होने से चालक जख्मी हो गया। घायल को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। जानकारी के मुताबिक जतेंद्र कुमार निवासी बहडाला अपनी बाइक पर घर से ऊना जा रहा था कि रक्कड़ में स्थित शनि मंदिर के समीप पहुंचने पर बाइक अनियंत्रित होकर स्किड हो गई। हादसे में जतेंद्र बुरी तरह घायल हो गया, उसे ऊना अस्पताल लाया गया। वहीं पुलिस ने भी मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।
नैनो पलटी, तीन घायल
परवाणू-कसौली मार्ग पर मसूलखाने के समीप नैनो कार के खाई में गिरने से तीन लोग घायल हो गए। तीनों शादी समारोह से घर वापिस जा रहे थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए लोगों ने ईएसआई अस्पताल परवाणू में भर्ती करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने घायलों की पहचान विनोद कुमार, सुनील कुमार व अशोक कुमार निवासी खचरेड़ जुब्बड़ तहसील कसौली के रूप में हुई है।
कार टक्कर से पति-पत्नी और बेटा घायल
नाहन थाना क्षेत्र नाहन के तहत एक अज्ञात कार ने दूसरी कार को टक्कर मार दी जिससे कार नीचे ढांक में गिर गई। कार में सवार पति-पत्नी एवं उनका बेटा घायल हो गया है। एसएचओ सदर लायकराम सिसोदिया ने बताया कि एक कार के चालक कृष्ण कुमार पुत्र रोशन लाल निवासी बुढैल सेक्टर-45 चंडीगढ़ तेज रफ्तारी से आयी और नवोदय स्कूल के गेट के पास खड़ी कार नंबर यूए07एफ-2250 को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से कार जंगल में लुढ़क गई जिससे कार में बैठे हाल नाहन निवासी रणजीत सिंह इसकी पत्नी अनिता कंवर एवं बेटे शांतनु को चोटें आई हैं। अनिता कंवर जवाहर नवोदय विद्यालय में टीचर हैं। जबकि उनके पति रणजीत सिंह बनकला स्कूल में अध्यापक हैं।
सूमो गिरी, दो घायल
वहीं, कांगड़ा के शाहपुर में एक टाटा सूमो सड़क से लुढ़क गई। पुलिस को दिए बयान में स्थानीय निवासी सुभाष चंद निवासी का कहना है कि चालक अजय कुमार निवासी सारली तहसील शाहपुर ने सूमो भाड़ल के पास सड़क से नीचे लुढ़का दी। इससे पुष्पेंद्र चौधरी और विनोद कुमार घायल हो गए। इनका टांडा मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा है।