शहीद सैनिक की पत्नी के खाते से 32 लाख रुपये गायब, मामला दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार में एक महिला के खाते से 32 लाख रुपए गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस की दी शिकायत में महिला ने कहा कि उन्होंने बंजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में अपने खाते में वर्ष 2011 से लेकर 2014 तक 32 लाख रुपए जमा किए गए लेकिन अब खाता चेक करने पर यह राशि गायब पाई गई है।
पीड़ित महिला शहीद सैनिक की पत्नी है। पूर्व सैनिक की पत्नी को पति के शहीद होने पर पैसा मिला था जिसे उन्होंने अपने पेंशन खाते के साथ बेटे के नाम पर एफडी करवाई थी। लेकिन अचानक बैंक खाते से लाखों की राशि गायब होने से महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस ने बंजार थाना में शिकायत पत्र के आधार पर आईपीसी की धारा 409 और 420 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बंजार थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक बंजार से एक महिला के खाते से करीब 32 लाख रुपये निकालने का केस दर्ज किया गया है।
डीएसपी कुल्लू आशीष शर्मा ने कहा कि पुलिस बैंक से रिकॉर्ड तलब करेगी और शिकायत के आधार पर बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बंजार थाना में यह दूसरा मामला सामने आया है।
इसे पहले एक शख्स के साथ 32 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई थी जिसके आरोप में कुल्लू एसआईयू ने बिहार से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पांच दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।