{"_id":"6ad48ac00f070a056701f88a","slug":"truck-ploughs-into-pilgrims-in-gwalior-leaving-15-dead-driver-was-using-google-maps-for-navigation-gwalior-news-c-1-1-noi1227-4846464-2026-10-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"हादसे की एक और कहानी: 15 लोगों की जान लेने वाला ट्रक गूगल मैप से देख रहा था रास्ता, चालक और मालिक गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हादसे की एक और कहानी: 15 लोगों की जान लेने वाला ट्रक गूगल मैप से देख रहा था रास्ता, चालक और मालिक गिरफ्तार
Sun, 18 Oct 2026 03:54 PM IST
ग्वालियर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर
Published by: ग्वालियर ब्यूरो
Updated Sun, 18 Oct 2026 03:54 PM IST
सार
ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक श्रद्धालुओं की भीड़ पर चढ़ गया, जिससे 15 लोगों की मौत और 26 घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक और मालिक गिरफ्तार किए गए। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर लापरवाही के आरोप में आठ पुलिसकर्मी निलंबित किए गए।
विज्ञापन
हादसे के बाद ट्रक मालिक और ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात शीतला माता मंदिर के पास भीषण सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हादसा रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे थे। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक मोबाइल पर गूगल मैप की मदद से रास्ता देख रहा था। ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक चीनौर की ओर से धान से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक ढलान पर अचानक बेकाबू हो गया। ट्रक ने रास्ते में बने पुलिस चेकपोस्ट को तोड़ दिया और श्रद्धालुओं को कुचलते हुए शीतला माता मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- ग्वालियर में बड़ा हादसा: शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 15 की मौत, 26 घायल
विज्ञापन
गूगल मैप को फॉलो कर रहा था चालक
ट्रक चालक मोबाइल पर गूगल मैप की मदद से रास्ता देख रहा था। शीतला माता मंदिर पर नौ दिनों तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहने के बावजूद चीनौर की ओर से दो धान से लदे ट्रक मंदिर के पीछे की तरफ पहुंच गए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक पंजाब की ओर जा रहे थे। ढलान पर पहुंचने के बाद चालक को नीचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। इसी दौरान चालक ने ट्रक के ब्रेक फेल होने की बात बताई। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर ढलान से नीचे आ गया।
गुस्से में परिजन
हादसे के बाद घायलों को तत्काल जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सरकार ने सभी घायलों का निशुल्क इलाज कराने की घोषणा की है। पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्वालियर पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि जहां साइकिल तक नहीं जा सकती, वहां भारी ट्रक कैसे पहुंच गया? आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
आठ पुलिसवालों पर गिरी गाज
मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लापरवाही के आरोप में झांसी रोड के CSP रवि भदौरिया को हटाने के साथ आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इनमें झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी तथा आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया और पवन सेंगर शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे को हृदयविदारक बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और घटना की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
