फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Coronavirus latest update of himachal pradesh for july 20

हिमाचल: एक दिन में कोरोना के रिकॉर्ड 110 मामले, जानिए किस जिले में कितने मरीज

Mon, 20 Jul 2020 09:56 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: Krishan Singh Updated Mon, 20 Jul 2020 09:56 PM IST
विज्ञापन
Coronavirus latest update of himachal pradesh for july 20
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
देवभूमि हिमाचल में कोरोना वायरस अब तेजी से पांव पसारने लगा है। सोमवार को एक ही दिन में रिकॉर्ड 110 नए मामले सामने आए हैं। औद्योगिक क्षेत्र सोलन जिला में स्थिति सबसे ज्यादा खराब बनी हुई है। सोमवार को भी यहां एक साथ 42 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा शिमला जिला में 23, सिरमौर 21, कांगड़ा 12, बिलासपुर 3, हमीरपुर-मंडी-चंबा-ऊना 2-2 और कुल्लू में एक मामला आया है।  जिला शिमला की ज्यूरी कॉलोनी में एसजेवीएनएल में संस्थागत क्वारंटीन आईटीबीपी की 43वीं बटालियन के जवानों का कोरोना पॉजिटिव आने का सिलसिला भी नहीं थम रहा है।
विज्ञापन


सोमवार को 41 जवानों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे, जिनमें से 18 के एक साथ पॉजिटिव आने से प्रशासन सकते में है। कांगड़ा जिले में भी सेना के 10 जवान पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1631 पहुंच गया है। सक्रिय मामले 538 हो गए हैं। 1067 मरीज ठीक हुए हैं जबकि नौ की मौत हो चुकी है। 15 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं। उल्लेखनीय है कि मंगलवार से शुरू हो रहे श्रावण नवरात्र पर पहली बार कोरोना की वजह से शक्तिपीठों में श्रद्धालु दर्शन नहीं कर पाएंगे। हालांकि, भक्तों के लिए भले ही कपाट न खोले जाएं लेकिन मंदिरों में पूजा-पाठ और आरती विधिवत रूप से प्राचीन परंपराओं के अनुसार होती रहेगी।
विज्ञापन


जिला सोलन में कोरोना का कहर जारी है। रविवार को एक साथ 26 मामले आने के बाद सोमवार को एक साथ 42 कोरोना संक्रमित के मामले आए हैं। एक सोलन, तीन धर्मपुर और 38 मामले बीबीएन क्षेत्र के हैं। संक्रमित आए सभी लोग संस्थागत और होम क्वारंटीन में थे। इन लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने संक्रमितों को कोविड सेंटर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार जिला सोलन के सूर्या बिहार में बिहार से आया एक व्यक्ति पॉजिटिव आया है। इसे स्वास्थ्य विभाग ने होम क्वारंटीन किया था। इसके अलावा धर्मपुर क्षेत्र में मेरठ से आए एक परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


इनमें एक माह और दस साल की बच्ची समेत उनका पिता शामिल है जबकि मां की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके अलावा नालागढ़ में वार्ड नंबर-7 और बद्दी के ग्राम पंचायत हरिपुर संडोली में कोरोना संक्रमितों के सीधे संपर्क में आने से दो व्यक्ति पाजिटिव आए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार से पहुंचें 36 लोग जो क्वारंटीन थे, इनकी रिपोर्ट भी कोरोना संक्रमित आई है। इन्हें स्वास्थ्य विभाग कोविड सेंटर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि जिला सोलन से भेजे गए सैंपलों में से 80 रिपोर्ट शेष थी, जिसमें से 42 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है और 37 लोगों रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि एक सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है। संक्रमितों को कोविड सेंटर शिफ्ट किया जा रहा है। इनमें सभी लोग क्वारंटीन और होम क्वारंटीन थे। 

शिमला के केएनएन में प्रसूता पॉजिटिव
शिमला के केएनएन में भी देर रात एक मामला आया है। गर्भवती महिला की बद्दी में डिलीवरी हुई थी। लेकिन तबीयत खराब होने के चलते सोमवार सुबह उसे केएनएच शिमला रेफर किया गया और  यहां कोरोना संदिग्ध वार्ड में रखा गया। प्रसूता का कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिया गया जिसकी रिपोर्ट देर रात पॉजिटिव आई। सीएमओ शिमला डॉ. सुरेखा चौपड़ा ने इसकी पुष्टि है। कहा कि संक्रमित महिला को ओपीडी में नहीं लाया गया था। हमीरपुर जिले में भी देर रात दो नए मामले आए हैं। 

 

शिमला शहर में कोरोना के दो नए मामले, ढली बाजार सील

शिमला शहर के ढली और जतोग छावनी में कोरोना के दो नए मामले आने से हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने कोरोना का मामला आते ही ढली बाजार को बंद कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां से पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए करीब 18 से अधिक लोगों के सैंपल भी लिए हैं। सभी सैंपलों को जांच के लिए लैब भेज दिया है। सोमवार को जिले में कुल 22 मामले आए। इनमें शुक्रवार को भट्ठाकुफर में पॉजिटिव आए चालक के संपर्क में आने वाला एक व्यक्ति भी संक्रमित पाया गया है।

बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति ढली बाजार में दूध बेचने का कार्य करता है। लिहाजा बहुत से लोगों के संपर्क में आने के बाद सोमवार तड़के स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया और टीम को ढली भेजा। देर शाम तक टीम ने सैंपल भरे। भट्ठाकुफर में भूस्खलन के चलते उपायुक्त अमित कश्यप भी यहां का जायजा लेने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने ढली बाजार को सील करने के निर्देश दिए। दूसरी ओर जतोग में मेस में काम करने वाला एक व्यक्ति भी पॉजिटिव पाया गया है।

टीम ने इसके संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए हैं। ज्यूरी के  संस्थागत क्वारंटीन में रहने वाले 18 जवानों के अलावा दो व्यक्ति रोहड़ू में पॉजिटिव आए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला शिमला डॉ. सुरेखा चोपड़ा ने इसकी पुष्टि की है। जिला शिमला में अब तक 93 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें 47 एक्टिव केस हैं तथा 43 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं दिल्ली से शिमला पहुंचे कॉफी हाउस के कर्मचारी की सोमवार को रिपोर्ट आ गई है। सीएमओ शिमला डॉ. सुरेखा चोपड़ा ने बताया कि इस व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव है। व्यक्ति को क्वारंटाइन किया  है। बालूगंज में खाद्य महकमे की टीम ने सोमवार को आलू, प्याज, टमाटर और अन्य सब्जियां उपलब्ध करवाईं। सप्लाई देने आने वाले लोगों ने हाथों में दस्ताने और मास्क डालकर खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाए। जिला खाद्य अधिकारी श्रवण कुमार हिमालयन ने इसकी पुष्टि की है। इसके अलावा दूध, दही, ब्रेड, बटर और पनीर भी लोगों को बेचा गया।

कनलोग में रह रहे छह लोगों को किया संस्थागत क्वारंटीन
 होशियारपुर से कनलोग लौटे छह लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संस्थागत क्वारंटीन कर दिया है। सोमवार शाम को इन्हें यहां से सांगटी शिफ्ट कर दिया है। यहां यह निगरानी में रहेंगे। एसडीएम शहरी मंजीत शर्मा ने इस बात की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि बीते दिनों यह लोग होशियारपुर से लौटे थे। कनलोग में ही क्वारंटीन में रहने के दौरान वह कॉमन टायलेट का इस्तेमाल कर रहे थे। प्रशासन को जब इसकी सूचना मिली तो मौके पर पुलिस की टीम को भेजा गया। इसके बाद सभी संस्थागत क्वारंटीन किया गया।


 

कोरोना से विवि में कैंपस इंटरव्यू बंद, डिग्री धारक परेशान

हिमाचल विवि बिजनेस स्कूल, यूआईटी, एमटीए, कंप्यूटर साइंस विभाग सहित अन्य प्रोफेशनल कोर्स के छात्रों के प्लेसमेंट का सपना फिलहाल धूमिल होता नजर आ रहा है। कोरोना के चलते विवि प्रशासन अभी कैंपस इंटरव्यू का आयोजन करवाने कतरा रहा है। हर सत्र में अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा देने से पहले ही विभाग और प्रोफेशनल संस्थानों के प्लेसमेंट सेल कैंपस इंटरव्यू करवाते थे।  कोरोना की वजह से विवि और इसके सभी संस्थान मार्च माह से बंद पड़े हैं। विभाग और संस्थानों को परिसर साक्षात्कार आयोजित करने को निजी क्षेत्र की कंपनियों को बुलाने का मौका ही नहीं मिला। 

कंपनियां भी लॉकडाउन और महामारी के कारण कैंपस साक्षात्कार नहीं करवा पा रहीं। यह हालात कब तक बने रहेंगे इस पर कुछ भी कहना संभव नहीं। विवि के बिजनेस स्कूल के एमबीए, कंप्यूटर साइंस विभाग के एमसीए डिग्री पूरी करने वाले, यूआईटी से बीटेक डिग्री पूरी करने वाले छात्रों को निजी क्षेत्र की कंपनी स्वयं विभागों से संपर्क कर साक्षात्कार लेने आती थीं। इससे विवि के छात्रों को रोजगार के अच्छे अवसर मिलते थे। लेकिन कोरोना के कारण यह सब बंद हो गया है।

विवि प्रशासन विवि के बंद होने से ईसी के फैसले के मुताबिक अपना सेंट्रलाइज्ड प्लेसमेंट सेल के गठन और इसे मजबूत बनाने का कार्य भी नहीं कर पा रहा। हालांकि सेल के गठन का प्रारूप तैयार कर दिया है।  विवि प्रशासन अब मौजूदा हालात के जल्द सामान्य न होता देख इस सेल को शुरू कर  कंपनियों से संपर्क कर ऑनलाइन इंटरव्यू करवाने की व्यवस्था शुरू करने पर विचार कर रहा है। इसमें सभी प्रोफेशनल कोर्स करवाने वाले संस्थानों के शिक्षकों के साथ मिलकर ऑनलाइन साक्षात्कार और  प्लेसमेंट करवाने के प्रयास होंगे। 

कुनिहार में कंटेनमेंट जोन के प्रवेश द्वार पर पुलिस ने लगाया पहरा

 कुनिहार में कोरोना संक्रमित मामले आने के बाद जिला प्रशासन ने मुख्य बाजार को अगले आदेशों तक सील कर दिया है। यह निर्णय सामुदायिक संक्रमण की संभावना को रोकने के लिए लिया है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना जांच के लिए सैंपल लेना भी शुरू कर दिया है। कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए 36 लोगों होम क्वारंटीन कर उनके भी सैंपल लिए जा रहे हैं। सोमवार को कुनिहार के बाजार सुनसान रहे।  जानकारी के अनुसार अर्की उपमंडल के कुनिहार में कोविड-19 पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद कुनिहार के कुछ क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है।

यह निर्णय उपायुक्त सोलन ने उपमंडलाधिकारी अर्की की रिपोर्ट के आधार पर लिया है। कुनिहार में कुसुम गर्ग की दुकान (अमरटेक्स) से राज दरबार (वार्ड नंबर-3) तक और भारतीय स्टेट बैंक एटीएम (राणा भवन) से लोक राम भारद्वाज की दुकान (वार्ड-4 का हिस्सा) तक की पूर्ण बाड़बंदी कर दी है। पंचायत घर कुनिहार के समीप स्थित गौतम निवास (उच्चा गांव की सीमा पर एकांत स्थल) की भी पूर्ण बाड़बंदी की जाएगी। इसके अलावा कंटेनमेंट जोन में आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर लोगों तथा वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed