हिमाचल: मौलवी का बेटा और एक अन्य जमाती कोरोना पॉजिटिव, कुल केस हुए 32
हिमाचल के जिला ऊना में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार को आई 64 सैंपलों में से 62 की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि दो और व्यक्तियों में कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। दोनों पॉजिटिव मरीज ऊना जिले के हैं। इसकी पुष्टि अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने की है। हिमाचल में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 32 हो गई है।
ऊना जिला में पॉजीटिव मरीजों की संख्या 14 हो गई है। दोपहर बाद आई रिपोर्ट में पॉजिटिव निकला व्यक्ति कुठेड़ा खैरला की उसी मस्जिद के मौलवी का बेटा है, जिसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था। उसे भोटा में भर्ती कराया है, जबकि मौलवी टांडा में भर्ती है। मौलवी के साथ इसी गांव से आठ और पॉजिटिव केस सामने आए थे, जो ईएसआई अस्पताल बद्दी में उपचाराधीन हैं।
सभी लोग तब्लीगी जमात से लौटे तीन मौलवियों के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए थे। उसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मौलवी के दो बेटों और पत्नी को आईसोलेट किया था। कोरोना पॉजिटिव दूसरा व्यक्ति बंगाणा क्षेत्र के चौकीमन्यार गांव से संबंधित है, जो नकड़ोह मस्जिद में ठहरा था। वह अभी खड्ड सेंटर में क्वारंटीन है।
हिमाचल में अब तक 954 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 922 की रिपोर्ट निगेटिव पाई जा चुकी है। नौ मरीज ठीक हो गए हैं। अब प्रदेश में एक्टीव केसों की संख्या 18 है। अभी तक प्रदेश में कुल 5404 लोगों को निगरानी में रखा, जिनमें से 2969 ने निगरानी अवधि पूरी कर ली है।
वहीं, शुक्रवार को हिमाचल के विभिन्न अस्पतालों से 127 सैंपलों की रिपोर्ट आई थी, जिनमें 125 निगेटिव और दो पॉजिटिव पाए गए थे। बता दें बद्दी में महिला से संक्रमित हुए पति को छोड़कर चार लोग आए थे, जो महिला के साथ दिल्ली से आए थे। चारों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनके परिजनों ने सभी को हिमाचल से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल शिफ्ट कर दिया था।
लेकिन महिला की मौत के बाद निजी अस्पताल को सील कर क्वारंटीन केंद्र में बदला गया। टेक्नीशियन और रिसेप्शनिस्ट को स्टाफ के आठ लोगों के साथ इसी अस्पताल में क्वारंटीन किया गया था। लक्षण मिलने के बाद दोनों की कोरोना जांच की गई और शुक्रवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी।
इन दोनों को आईजीएमसी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। निजी अस्पताल को पहले सील किया जा चुका है, जबकि अन्य स्टाफ व दोनों के परिवार को भी तत्काल क्वारंंटीन रहने को कह दिया है। अभी तक प्रदेश में 31 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है और दो लोग ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं।
इसके अलावा छह और लोगों की भी रिपोर्ट निगेटिव आ गई है और जल्द ही उन्हें भी घर भेजा जा सकता है। वहीं, चार मरीज प्रदेश से बाहर शिफ्ट हो गए हैं, जबकि मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चार, दो टांडा मेडिकल कॉलेज और नौ बद्दी में स्थित ईएसआई अस्पताल में रखे गए हैं।