आईटीबीपी के 23 जवानों समेत हिमाचल में कोरोना के 35 नए मरीज, हजार के पार पहुंचा आंकड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईटीबीपी के 23 जवानों समेत हिमाचल में गुरुवार को कोरोना के 35 नए मरीज सामने आए हैं। किन्रौर में 17, शिमला में 6, हमीरपुर में 3, ऊना 3, कांगड़ा में 2, लाहौल स्पीति-बिलासपुर-सिरमौर-मंडी में 1-1 मामला सामने आया है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1014 पहुंच गया है। सक्रिय मामलों की संख्या 359 है। 632 मरीज ठीक हो गए हैं। अब तक आठ की मौत हो चुकी है। 13 राज्य के बाहर चले गए हैं। गुरुवार को 15 और मरीज स्वस्थ हो गए हैं।
17 जवान किन्नौर के जंगी में और 6 जवान ज्यूरी रामपुर शिमला में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। रामपुर बुशहर के एसडीएम नरेंद्र चौहान ने पुष्टि करते हए बताया कि ज्यूरी में 43 बटालियन के छह आईटीबीपी जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह सभी ज्यूरी में संस्थागत क्वारंटीन थे। अन्य 17 किन्नौर के जंगी में क्वारंटीन थे।
जनजातीय लाहौल-स्पीति में 22 वर्षीय झारखंड का युवक पॉजिटिव पाया गया है। 16 जून को दिल्ली से केलांग पहुंचा था, केलांग में यह प्राइवेट कंपनी विज इंजीनियर में काम करता है। इसका सैंपल 30 जून लिया गया था। बीते दिन सैंपल पेंडिंग रह गया था जिसकी रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई गई है। लाहौल-स्पीति में अब चार मामले हो गए हैं।
कोरोना का एक और मामला आने के बाद घाटी में खौफ का माहौल है। लोग अब केलांग जाने से कतरा रहे हैं। सिरमौर में कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटा कंडइवाला का सेना का जवान कोरोना पॉजिटिव पाया गया है जोकि होम क्वारंटीन था। सीएमओ केके पराशर ने पुष्टि की है। जोगिंद्रनगर उपमंडल में एक कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया है। ब्यूहं गांव का 31 वर्षीय युवक संक्रमित पाया गया है। उक्त युवक दो जून को दुबई से लौटा है।
ऊना में उत्तर प्रदेश के रामपुर से लौटा उपमंडल संतोषगढ़ का 24 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है। युवक होम क्वारंटीन में था। वहीं दूसरा उपमंडल गगरेट के टटेहड़ा का 31 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति दिल्ली से लौटा था। इसके अलावा गगरेट उपमंडल के गोंदपुर बनेहड़ा का 22 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव आया है। युवक अमृतसर से लौटा था। जिले में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 113 हो गई है जबकि 86 स्वस्थ हो गए हैं। जिले में अब 27 सक्रिय मामले हैं। वहीं, मंडी जिले का यूके में मरीन इंजीनियर कोरोना पॉजिटिव निकला है। बल्ह का निवासी भाई की बीमारी के चलते दिल्ली गया था और मंडी पहुंचते ही उसकी पॉजिटिव होने की सूचना आई।
हमीरपुर कोरोना संक्रमितों के तीन नए मामले सामने आए हैं। इन तीन नए मरीजों में दो लोग बाहरी राज्यों से लौटे हैं, जबकि एक व्यक्ति गांव में ही एक अन्य कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से कोविड-19 का शिकार हुआ है। पहला व्यक्ति टौणी देवी ब्लॉक के तहत कोट गांव का है। यह 78 वर्षीय बुजुर्ग 23 जून को लुधियाना से लौटा है और गृह संगरोध में था। दूसरा मामला भरनाग कोट का है।
58 वर्षीय व्यक्ति उपमंडल सुजानपुर में एक कोरोना संक्रमित अपने रिश्तेदार के संपर्क में आने से पॉजिटिव निकला है जबकि तीसरा मामला बड़सर ब्लॉक से संबंधित है। 48 वर्षीय महिला 25 जून को अपनी गाड़ी से पति और बच्चे समेत दिल्ली से लौटी है और मैहरे स्थित विश्रामगृह में संगरोध में थी। सीएमओ हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि तीनों कोरोना संक्रमितों को कोविड-19 केयर सेंटर हमीरपुर शिफ्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही इनके प्राथमिक संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। जिले में कोरोना संक्रमितों के सक्रिय मामले 90 हो गए हैं।
कांगड़ा में दो और बिलासुपर में एक संक्रमित मामला आया है। कांगड़ा जिले के ठाकुरद्वारा में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला संक्रमित हो गई है। किर्गीस्तान से लौटी देहरा की 22 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। दोनों को डाढ़ कोविड सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है। गुरुग्राम से लौटा सदर बिलासपुर चांदपुर का रहने वाला 28 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। उक्त संक्रमित बिलासपुर के लेक व्यू होटल में संस्थागत क्वारंटीन था।