CoronaVirus in Himachal: सात पॉजिटिव मरीजों की मौत, 476 नए मामले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में सात और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है। धर्मशाला अस्पताल में सुंगल पालमपुर के 45 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। भांबला सरकाघाट की एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला की नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई है। इसकी पुष्टि एसडीएम सरकाघाट जफर इकबाल ने की है। इसके अलावा चंबा सरोल के 63 वर्षीय संक्रमित की टांडा में मौत हो गई। शिमला में चार और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। मृतकों में 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला, 69 और 61 वर्षीय दो पुरुष और 35 वर्षीय युवक ने दम तोड़ दिया।
वहीं प्रदेश में गुरुवार को कोरोना वायरस के 476 नए मामले आए हैं। मंडी 183, कांगड़ा जिले में 95, शिमला 63, चंबा 33, कुल्लू 24, सोलन 49, हमीरपुर 18, सिरमौर 20, ऊना 14, लाहौल-स्पीति 7, बिलासपुर 6 और किन्नौर में 4 नए मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 51143 पहुंच गया है। 6139 सक्रिय मामले हैं। 44109 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक 846 संक्रमितों की मौत हुई है।
उधर, मंडी करनोड़ी स्थित वन प्रशिक्षण संस्थान में कोरोना काल के दौरान 8 माह से बंद पड़े प्रशिक्षण को दोबारा शुरू करने की कवायद शुरू हो गई है। प्रशिक्षण के लिए यहां कर्नाटक, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम और उत्तराखंड से 38 प्रशिक्षु वन राजिक पहुंचे हैं। इनका यहां कोरोना टेस्ट किया गया, जिनमें 4 प्रशिक्षु पॉजिटिव पाए गए हैं। इन्हें संस्थान के छात्रावास में ही आइसोलेट किया गया है।
इन सभी प्रशिक्षुओं का 2 दिसंबर 2019 को वन राजिक का 18 माह का प्रशिक्षण शुरू हुआ था। कोरोना की वजह से मार्च माह में प्रशिक्षण बंद कर सभी को भेज दिया गया था। ये सभी ऑनलाइन प्रशिक्षण ले रहे थे लेकिन फील्ड का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। संस्थान के निदेशक डॉ. एचके सर्वटा ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में प्रशिक्षण का कार्य शुरू हो जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग नहीं, अब लैब भेजेगी कोरोना रिपोर्ट का मैसेज
कोई व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव है या निगेटिव इसकी जानकारी अब स्वास्थ्य विभाग के बजाय लैब देगी। अगर कोई व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया जाता है तो उसके पंजीकृत फोन नंबर पर मैसेज भेजा जाएगा। उसके बाद स्वास्थ्य विभाग व्यक्ति से संपर्क करेगा और उसे कोविड सेंटर या होम आइसोलेट किया जाएगा। इस व्यवस्था को लागू कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट के आदेश हैं कि सैंपल लेने के बाद 48 घंटों के अंदर जानकारी मुहैया करवानी होगी। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने इसका जिम्मा लैब को दे दिया है। इसके लिए एक एप बनाई गई है, जिससे हर व्यक्ति के पंजीकृत फोन नंबर पर रिपोर्ट का मैसेज खुद चला जाएगा।