डीसी से नाराज कांग्रेस विधायक ने दी इस्तीफे की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के जिला लाहौल स्पीति के डीसी से नाराज कांग्रेस के विधायक रवि ठाकुर ने इस्तीफे की धमकी दी है। उनका आरोप है कि डीसी चुना हुआ प्रतिनिधि होने के बावजूद डीसी उनकी बात नहीं सुनते हैं। वे लोगों के काम लेकर डीसी से अनुरोध करते हैं, तो उन्हें टाल दिया जाता है। दूसरी ओर, रवि ठाकुर की शिकायत के बाद प्रदेश विधानसभा की प्रिविलेज कमेटी ने डीसी विवेक भाटिया को एक नोटिस भी भेजा है।
प्रिविलेज कमेटी ने डीसी को 26 अप्रैल को प्रदेश विधानसभा परिसर में सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखने को कहा है। विधायक रवि ठाकुर ने कहा- डीसी साहब जनता के काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे ढेरों काम हैं, जिनकी मैं बात कर चुका हूं। अब मुझ पर जनता का दबाव है और इसलिए ही मैंने रिजाइन करने का मन बनाया है। पहले पार्टी के लोग और पंचायतों के प्रतिनिधियों को पूछूंगा और फिर आलाकमान को इस्तीफा सौंप दूंगा।
विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने डीसी को बुलाया
अगर इस्तीफा दिया तो आगे आलाकमान के आदेश के अनुसार पार्टी का काम करूंगा। मैंने सीएम और मुख्य सचिव के सामने भी कई बार मामला उठाया है। इस पर भी आज तक कोई अमल नहीं हुआ है। प्रदेश विधानसभा की विशेषाधिकार कमेटी के सभापति जगत सिंह नेगी ने इसकी पुष्टि की है कि डीसी विवेक भाटिया को विधायक रवि ठाकुर की शिकायत पर नोटिस भेजा गया है। उन्हें 26 अप्रैल को सुनवाई में बुलाया गया है।
डीसी बोले, सरकार के सभी आदेश मानते हैं हम
लाहौल स्पीति के उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा - हम सरकारी कर्मचारी हैं। हम सरकार के सभी आदेशों और कार्यक्रमों का निर्वहन कर रहे हैं। पर्सनल हीयरिंग का नोटिस मुझे अभी नहीं मिला है। इसके अलावा मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। -विवेक भाटिया, उपायुक्त, लाहौल स्पीति