विवादों में रहने वाले कांग्रेस विधायक को फोन पर जान से मारने की धमकी
सोशल मीडिया पर कई तरह की पोस्ट कर विवादों में घिरे रहने वाले हिमाचल के कांग्रेस विधायक और मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में नीरज भारती ने कहा कि आठ जुलाई को एक मोबाइल नंबर से उन्हें कॉल आई।
कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह दिल्ली पुलिस स्टेशन से बात कर रहा है और देवाशीष भट्टाचार्य नाम के शख्स ने आपके खिलाफ यहां शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायत में आरोप है कि आपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भद्दे कमेंट किए हैं, इसलिए आपको दिल्ली पुलिस स्टेशन में बयान देने के लिए आना होगा।
गंभीर परिणाम भुगतने की दी धमकी
नीरज भारती ने कॉल करने वाले से कहा कि उसने अपने विचार पर्सनल पेज पर किए हैं और अगर किसी व्यक्ति को यह पसंद नहीं है तो इन विचारों को वह नजर अंदाज कर सकता है। भारती ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि इतना कहने पर कॉल करने वाला
व्यक्ति भड़क गया और उनसे दुर्व्यवहार किया। इतना ही नहीं आरोपी ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की भी धमकी दी है। उधर, एसपी शिमला डी डब्ल्यू नेगी ने कहा कि शिकायत के आधार पर थाना छोटा शिमला में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।