छत से गिरने पर महिला की मौत, सड़क हादसे में परिचालक की गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस थाना बंगाणा के तहत समनाला गांव में घर की छत्त से गिरने पर 90 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई है। मृतका की पहचान ज्ञानो देवी निवासी समनाला बंगाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि महिला घर की छत पर कपड़े सूखाने गई थी। इसी दौरान हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार बंगाणा के समनाला गांव में ज्ञानो देवी मंगलवार को कपड़े धोने के बाद उन्हें सुखाने के लिए घर की छत्त पर लटकी तार पर डालने गई थी।
इसी दौरान वृद्धा घर की छत्त से नीचे आंगन में गिरकर बुरी तरह से घायल हो गई। हादसे को देख परिजनों ने तुरंत वृद्धा को घायलावस्था में उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पहुंचाया।
जहां पर तैनात चिकित्सक ने वृद्धा की गंभीर हालते को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर भर्ती कर लिया। लेकिन पीड़िता ने दम तोड़ दिया। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान कलमबद्ध करके जांच शुरू कर दी है।
ट्रक खाई में गिरा
नेरीपुल-सोलन सड़क मार्ग पर मंगलवार को एक केंटर (ट्रक) के गहरी खाई में गिरने से क्लीनर की मौत हो गई। जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को स्थानीय अस्पताल बलग में प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।
उधर पुलिस ने सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ से रोहडू खाद लेकर जा रहा एक केंटर ट्रक नंबर एचआर 63बी- 4200 शिलाबाग के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कंडक्टर दीपक पुत्र देव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक दीपक देहरादून का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा है। हादसे में चालक संदीप थापा पुत्र धनीराम थापा निवासी देहरादून गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए बलग अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मीनाक्षी ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 337, 304(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।