हिमाचल: समाजसेवियों और आम लोगों ने हाथ में कटोरा लेकर विधायकों के लिए मांगी भीख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सदन में माननीयों के यात्रा भत्ते की बढ़ोतरी का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को ऊना बाजार में एक समाजसेवियों ने सांकेतिक विरोध के तौर पर कटोरा लेकर भीख मांगी। लोगों से कहा गया कि यह भीख उन विधायकों के लिए मांगी जा रही है, जिन्होंने विधानसभा में भत्ते बढ़ाने के विधेयक को समर्थन देकर पास कराया।
समाजसेवी संजय शर्मा उर्फ बड़का भाऊ ने अपनी टीम के साथ ऊना बाजार और सरहदी कस्बे मैहतपुर में भीख मांगते लोगों से कहा कि विधायक अति निर्धन हैं, बढ़ाए गए वेतन भत्तों से उनका गुजारा संभव नहीं है। लिहाजा उनके नाम पर एक-एक रुपये का अंशदान करें। इस दौरान कारोबारियों ने संजय शर्मा का समर्थन करते हुए उन्हें एक रुपया दान में दिया।
संजय शर्मा ने कहा कि एक ओर प्रदेश कर्ज में डूब रहा है, कर्मचारियों की पेंशन बंद कर दी गई है और वहीं दूसरी तरफ विधायक अपनी मौज मस्ती के लिए कई गुना भत्ते बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़का भाऊ टीम पूरे प्रदेश में एक आंदोलन के तहत विधायकों द्वारा बढ़ाए गए भत्तों का विरोध कर रही है। इस मौके पर उनके साथ कमल राणा, रूपेश नेहरू आदि मौजूद रहे।
मॉलरोड पर विधायकों के लिए मांगी भीख
सोलन के मॉलरोड पर विधायकों की गरीबी हटाओ को लेकर भीख दो अभियान चलाया गया। जिसमें लोगों से एक रुपये भीख मांगकर विधायकों के लिए धन जुटाया गया। हिमाचल में मानसून सत्र के दौरान विधायकों, मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का यात्रा भत्ता बढ़ाया गया है। जिसका आम जनता विरोध कर रही है।
लोगों ने सोलन के मॉलरोड पर लोगों से एक रुपये की भीख मांग अपना गुस्सा निकाला। लोगों ने बताया कि मंत्रियों के भत्ते बढ़ाए जाने से लोगों में रोष है। लोगों ने कहा कि उक्त सभी का भत्ते बढ़ाने का विधेयक इतनी जल्दी पारित हो गया, अगर जनता के काम भी जल्दी हो तो आमजन भी संतुष्ट रहेगा।