सीएम का धामी दौरा, ये रही बड़ी घोषणाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान धामी में 45 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के शुभारंभ और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने धामी में 6 करोड़ 70 लाख से निर्मित होने वाले मिनी सचिवालय भवन और 1.50 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के भवन की आधारशिलाएं रखीं।
मुख्यमंत्री ने ओखरू में 34 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित जनिया - मंध्या उठाऊ पेयजल योजना का शुभारंभ भी किया। इससे क्षेत्र के 400 लोग लाभान्वित होंगे। यह परियोजना स्टेट ऑफ आर्ट स्वचालित जल पंपिंग प्रणाली से बनी है। उन्होंने ओखरू में ही 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशुपालन औषधालय भवन का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ओखरू में अतिरिक्त खंड की आधारशिला भी रखी जिसके निर्माण पर 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि घणाहटटी और धामी के मध्य महाविद्यालय खोलने पर निर्णय के लिए कमेटी का गठन किया है। वह शीघ्र ही उचित स्थान पर महाविद्यालय निर्माण के लिए रिपोर्ट देगी।
ये भी घोषणाएं की
कोहबाग में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को गलोग-चेइयां - क्यारटू सड़क को अपनी अधीन लेने और ओखरू से नेहरा के लिए 6 माह के भीतर सड़क निर्माण के भी निर्देश दिए। उन्होंने नेहरा में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन के निर्माण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के जलोग सुन्नी और दाड़गी में आईटीआई आरंभ की गई है जो केवल एक मात्र विधानसभा है जहां तीन आईटीआई खोली गई हैं। उन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर बच्चों को 15 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री बने जब शिक्षक
ओखरू में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बच्चों से सामान्य ज्ञान के कई प्रश्न पूछे और इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि उनके द्वारा पूछे प्रश्नों के बच्चों ने सही उत्तर दिए। उन्होंने बच्चों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर ज्ञान की भी सराहना की। छोटे बच्चों द्वारा दिए उत्तरों से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने ओखरू स्कूल की जमा दो की छात्रा कुमारी नेहा को एक हजार रुपये देने की भी घोषणा की।