SCA चुनाव पर सीएम वीरभद्र का दो टूक जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एससीए चुनाव की बहाली पर संघर्ष कर रहे छात्र संगठनों को झटका लगा है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने साफ कर दिया है कि चुनाव किसी भी सूरत में बहाल नहीं होंगे। उन्होंने विवि के फैसले को सही ठहराया है।
सोमवार को एसएफआई का प्रतिनिधिमंडल चुनाव बहाल करने और फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मिला। संगठन की मांग सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने दोटूक कह दिया कि छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं किए जाएंगे।
इससे सभी छात्र संगठनों को जोरदार झटका लगा है। ये अब सीएम से ही चुनाव बहाली की उम्मीद लगा रहे थे। लेकिन सीएम ने भी कुलपति के फैसले को सही करार देते हुए चुनाव न करवाने की बात कही।
वीसी, फीस वृद्घि पर ये बोले सीएम
हालांकि, नए वीसी की तैनाती और फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग पर सीएम की ओर से संगठन को आश्वासन मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एचपीयू में नए वीसी की तैनाती के लिए योग्य व्यक्ति को ढूंढा जा रहा है।
फीस बढ़ोतरी के मुद्दे पर कहा कि पुराने और नए फीस ढांचे का अध्ययन किया जाएगा। एससीए चुनाव की बहाली की मांग बार-बार प्रतिनिधिमंडल उठाता रहा, लेकिन सीएम अपने जवाब पर अटल रहे। हालांकि, छात्र संगठनों ने इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखने का दावा किया है।
उधर, एसएफआई ने सोमवार को भी प्रदेश सचिवालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं, एबीवीपी मंगलवार को प्रदेश के कॉलेजों में काली पट्टियां बांधकर कुलपति के इस फैसले के खिलाफ विरोध जताएगी।
एसएफआई की मांग, सीएम के जवाब
मांग : 1 - प्रो. एडीएन बाजपेयी को कुलपति पद से हटाया जाए।
मुख्यमंत्री का जवाब : विश्वविद्यालय में नए वीसी की तैनाती के लिए योग्य व्यक्ति ढूंढा जा रहा है।
मांग : 2 - फीस बढ़ोतरी तुरंत वापस ली जाए।
मुख्यमंत्री का जवाब : पुराने और नए फीस स्ट्रक्चर का अध्ययन किया जाएगा।
मांग : 3 - छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं।
मुख्यमंत्री का जवाब : किसी भी सूरत में छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं होंगे।