वीरभद्र का पलटवार, कहा-धूमल ज्योतिषी नहीं, तय वक्त पर होंगे चुनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सैंज दौरे पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि धूमल ज्योतिषी नहीं हैं। प्रदेश में विधानसभा चुनाव तय समय पर ही होंगे। उन्होंने कहा कि मैं हर संघर्ष के लिए तैयार हूं। जनता चाहेगी तो वे सातवीं बार भी सीएम बनने को तैयार हैं। भाजपा में सीएम पद को लेकर वीरभद्र ने कहा कि अभी तो सिर्फ दो प्रत्यक्ष दावेदार हैं, पर्दे के पीछे कितने हैं, पता नहीं है।
भाजपा में हिलोपा के विलय को लेकर चल रही अटकलों पर सीएम ने कहा कि इससे आगामी विस चुनाव में कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। रघुनाथ मंदिर के अधिग्रहण पर कहा कि हम किसी मंदिर का अधिग्रहण नहीं करते सिर्फ उसकी व्यवस्था सही करते हैं। सीएम ने कहा कि पशु आवारा नहीं होते बल्कि उनके मालिक आवारा हैं।
बूढ़ी गायों को आवारा छोड़ना परंपराओं के विरुद्ध है। गौवंश संवर्द्धन बोर्ड गौशालाएं बनाने वालों की सहायता करेगा। पशुओं को छोड़ने वालों को दंडित नहीं किया जाएगा बल्कि उन्हें जिम्मेदारियों का अहसास कराया जाएगा। इस मौके पर आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, आयुर्वेदा मंत्री कर्ण सिंह, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर ठाकुर, हिमबुनकर के चेयरमैन टैहल सिंह राणा आदि मौजूद थे।
स्कूल सिलेबस में शामिल हो सकता है ड्रग्स सब्जेक्ट
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने स्कूलों में ड्रग्स को पाठ्यक्रम में शामिल करने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों में मादक द्रव्य के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूकता आएगी। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की वजह से ही समाज में घरेलू हिंसा, बाल उत्पीड़न व यौन शोषण जैसे मामलों में बढ़ोतरी हुई है।
इस बढ़ोतरी को कम करने के लिए पुलिस के साथ समाज के सभी वर्गों को भी आगे आना होगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रविवार को रिज मैदान में हिमाचल पुलिस की ओर से अंतर्राष्ट्रीय ड्रग दिवस पर आयोजित मैराथन दौड़ के पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने न्यायपालिका से भी मादक द्रव्य से जुड़े मामलों को प्राथमिकता और शीघ्रता से निपटाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने समाज विशेषकर युवाओं में बढ़ रही मादक द्रव्य सेवन की आदत पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवा कंपनियां अवैध रूप से नशीली दवाओं के विक्रय में संलिप्त हैं जो गंभीर समस्या है। इससे प्रभावी ढंग से निपटने की आवश्यकता है। उन्होंने नशीली दवाओं के नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने पर भी बल दिया।
लोगों को बांटने का काम करते हैं धूमल: वीरभद्र
सैंज में आयोजित जनसभा में सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रेम कुमार धूमल लोगों को बांटने का काम करते हैं। नया व पुराना हिमाचल बताकर लोगों को बांटने की कोशिश की जा रही है जबकि वीरभद्र सिंह सभी को जोड़ने का काम करते हैं। कहा कि ये राजनीतिज्ञ होते हैं जो वोट के लिए धर्म, जाति, इलाके के नाम पर बांटने की कोशिश करते हैं।
लेकिन हमारी एक नीति है, हम भारतीय हैं और हमारा देश भारत है। हम हिमाचली हैं, हमारा प्रदेश हिमाचल एक है और हमारी एक संस्कृति है। इसीलिए हम ऊंचे पहाड़, नीचे पहाड़, नया हिमाचल व पुराना हिमाचल बताकर लोगों को बांटते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में चरणबद्ध तरीके से विज्ञान कक्षाएं आरंभ करने पर विचार कर रही है।