सीएम बोले, धूमल ने गलत आरोप लगाया तो ठोकूंगा मानहानि का दावा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि मेरी चादर बिल्कुल बेदाग है, इस पर अगर किसी ने लांछन या दाग लगाया तो सहन नहीं होगा। भाजपा की ओर से बनाई जा रही चार्जशीट पर सीएम बोले - अगर पूर्व सीएम धूमल ने कोई ऐसा-वैसा आरोप लगाया तो राजनीतिक और व्यक्तिगत तौर पर मानहानि का दावा ठोकूंगा।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को ऊना के रक्कड़ में पीडब्ल्यूडी के डिजाइन विंग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने इंदिरा मैदान में एक निजी कार्यक्रम में भी संबोधित किया। सीएम ने सांसद अनुराग ठाकुर को भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से हटाए जाने पर कहा- जैसी करनी, वैसी भरनी।
कहा कि अनुराग ने बीसीसीआई अध्यक्ष पद रहते हुए सुप्रीमकोर्ट को गुमराह किया। इस वजह से सर्वोच्च अदालत ने सख्ती की है। कहा कि हमीरपुर में एक-दो लोगों को छोड़कर बाकी सब बेहतरीन इंसान हैं। उनका हमीरपुर से विशेष लगाव है। सीएम ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एक-एक कर हिमाचल सरकार के साथ हुए परियोजनाओं के समझौतों को तोड़ रही है।
नशा निवारण के लिए एसपी की तारीफ
स्वां परियोजना इसका एक बड़ा उदाहरण है। यहां के एमपी ने स्वां प्रोजेक्ट के 455 करोड़ रोक रखे हैं। प्रदेश सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए गंभीर है। प्रोजेक्ट समय पर तो पूरा नहीं होगा, लेकिन जरूरत पड़ी तो प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से इस परियोजना को साकार करेगी। उनके साथ परिवहन मंत्री जीएस बाली, उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार और जिला अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल में व्यापक स्तर पर नशा निवारण अभियान चलाया है। इस दिशा में ऊना में बेहतरीन काम हुआ है। एसपी अनुपम शर्मा ने नशे के सौदागरों पर कार्रवाई की दिशा में बेहतरीन कदम उठाए हैं। उन्होंने युवाओं से नशीली दवाइयों से दूर रहने का आह्वान किया। कहा कि ऐसे कारोबार में अगर कोई सम्मिलित पाया गया तो उसे जिला में तो क्या प्रदेश में जगह नहीं मिलनी चाहिए।