सीएम वीरभद्र सिंह का पलटवारः बोले- गुमराह करना, गाली देना अनुराग की जीवन शैली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर अनुराग ठाकुर की ओर से की गई टिप्पणी पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पलटवार किया है। अनुराग ने बयान दिया था कि राहुल गांधी ने जहां-जहां रैली की है, वहां कांग्रेस हारी है।
इस पर मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि गलत बयानबाजी, गुमराह करना, गाली देना अनुराग की जीवन शैली है। यह बात मुख्यमंत्री ने लक्कड़ बाजार में वाल्मीकि जयंती पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी में होने वाली राहुल गांधी की रैली पूरी तरह सफल होगी। रैली में राहुल गांधी के साथ एक और सदस्य भी यहां आएंगे। इस रैली में कैबिनेट के सदस्य, कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, जिला कांग्रेस अध्यक्ष और ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष समेत आम जनता शामिल रहेगी।
उन्होंने बताया कि चुनाव अभियान का आगाज हो गया है। वीरभद्र ने कहा कि उन्होंने जो भी चुनाव ग्रामीण क्षेत्र से लड़े हैं, वहां पैदल चलकर ही प्रचार किया है। यह तक कह डाला कि बाकी जो चुनाव ग्रामीण क्षेत्र में जाकर लड़े है वह पैदल चलकर ही लड़े है।
मुझे सीएम देखना लोगों की भावना : बाली
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि जनता उनको मुख्यमंत्री देखना चाहती हैं, तो यह जनता की भावनाएं हैं और यह जनता ही जानती है। लेकिन, कांग्रेस में वर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ही हैं। उनके नेतृत्व में हम सब एक हैं। चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा।
यह सब हाईकमान तय करता है। आने वाला विस चुनाव कांग्रेस जीतेगी। इधर, बुधवार को शिमला में कैबिनेट की बैठक में एक फैसले को लेकर बाली खासे नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि उनकी अनुपस्थिति में यह फैसला हुआ और इसे लेकर वह जल्द मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
पालमपुर मेें तीन बसों का शुभारंभ करने आए बाली पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि अब परिवहन निगम की बस चलने से पहले मान्यता प्राप्त पत्रकारों की चार घंटे पहले ऑनलाइन बुकिंग का इंतजार किया जाएगा। परिवहन निगम के पेंशनरों को हर लाभ दिया जा रहा है।
पेंशनर का कोई देय बकाया नहीं है। पिछले साल निगम का 145 करोड़ राजस्व बढ़ा है। ट्रिपल-पी मोड पर बन रहे धर्मशाला, नालागढ़, चंबा, ऊना, चिड़गांव, कुल्लु और रोहडू बस अड्डे अगले साल से काम करना शुरू कर देंगे।
तीन नई बसों को हरी झंडी दिखाई
इससे पूर्व मंत्री बाली ने पालमपुर से चलने वाली तीन नई बसों को हरी झंडी दिखाई। इसमें एक वोल्वो बस पालमपुर से दिल्ली वाया सुजानपुर, खैरा, कोटलू, झुंगा देवी हो कर चलेगी, जबकि एक बस पालमपुर से चंडीगढ़ वाया बद्दी, धुपक्यारा, जालग और तीसरी बस पालमपुर से चुला वाया दाटी, वारी समाना, भोडा होला होकर चलेगी। पालमपुर में भी एक मुद्रिका बस चलाई जाएगी। इसका फिक्स किराया 10-15-20 और 30 रुपये होगा। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव आशीष बुटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ मदन, मनोज मेहता, परिवहन निगम के डीएम विजय सिपहिया, आरएम राजकुमार और पंकज चड्ढा मौजूद रहे।