बाबा और जनता के बीच जारी विवाद पर सीएम ने दिया बड़ा बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाबा अमरदेव और स्थानीय जनता के बीच जारी विवाद को लेकर सीएम वीरभद्र सिंह ने बड़ा बयान दिया है। ठियोग दौरे पर गए सीएम वीरभद्र सिंह ने इस मामले में माकपा पर भी निशाना साधा है।
सोलन में बाबा अमरदेव के मामले में जब उनसे पूछा गया कि माकपा भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साध रही हैं तो उन्होंने कहा कि माकपा तो भगवान को भी नहीं मानती है। बाबा अमरदेव और जनता के बीच कुछ गलतफहमी है, जो जल्द दूर हो जाएगी।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ठियोग सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की बात को टाल गए। पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि अभी सेब के पौधों में फूल नहीं आए हैं और आप वृक्ष की बात करते हैं।
कांग्रेस संगठन के चुनावों पर सीएम बोले - चुनाव प्रदेश में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में हो रहे हैं। जहां तक विधानसभा चुनावों की बात है, वह जनता के हाथ में है।
ठियोग में सीएम वीरभद्र सिंह ने सुनीं लोगों की समस्याएं
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नारकंडा दौरे के दौरान ठियोग लोक निर्माण विभाग के परिधि गृह में चायपान किया। उनके साथ आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह भी मौजूद रही। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को भी सुना।
चिखड़ पंचायत के प्रधान ने नप की ओर से खुले में फेंकी जा रही गंदगी को लेकर शिकायत की। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं ने पुख्ता इंतजाम किए थे। वाद्य यंत्रों और फूल मालाओं के साथ कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के सामने कई मांगें भी रखी। परिधि गृह में मुख्यमंत्री ने हिम चंपा का पौधा रोपा। इस दौरान कांग्रेस के ब्रह्मानंद शर्मा, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील शर्मा, ठियोग-कुमारसैन ब्लॉक कांग्रेस युकां अध्यक्ष राकेश वर्मा, डीसी रोहन चंद ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री का दौरा रहा फ्लॉप : भाजपा
भाजपा मंडल जुब्बल-नावर-कोटखाई ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के जुब्बल दौरे को फ्लॉप करार दिया है। भाजपा नेताओं ने कहा मुख्यमंत्री को चुनावी वर्ष में जनता को गुमराह करने के लिए जुब्बल क्षेत्र के दौरे पर लाया गया है। कांग्रेस के कार्यकाल में विकास कार्य ठप पडे़ हुए हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैईक, महामंत्री सतीश राकेश, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष कुलविंदर भिखटा, जिला सह मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने कहा कि अणु में सब्जी मंडी के नाम पर एक लेंटर का उद्घाटन करवा दिया। यहां पर सुविधाओं का अभाव है।
जुब्बल तहसील में छह महीनों से तहसीलदार सहित दस पटवारियों के पद खाली हैं। मुख्यमंत्री से उप तहसील की घोषणा करवाना केवल एक चुनावी स्टंट हैं। उन्होंने कहा पूर्व भाजपा कार्यकाल में व्यवहारिक तौर पर सरस्वतीनगर में नायब तहसीलदार के कार्यालय खोल गया था। नायब तहसीलदार ने बैठना भी शुरू कर दिया था। कांग्रेस ने सरकार बनने पर तहसीलदार के कार्यालय को वहां से उठा दिया।