वीरभद्र बोले, जानता हूं- भाजपाइयों में किसका खून गर्म व किसका ठंडा
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि मैं हिमाचल के लोगों के साथ भाजपा के नेताओं की नब्ज भी पहचानता हूं। मैं एक डॉक्टर की तरह हूं। मुझे पता है कि भाजपाइयों में किसका खून गर्म व किसका ठंडा है। भत्ते मिलते रहें, इसलिए विपक्ष सदन में शोर-शराबा कर हाजिरी लगाना नहीं भूलता। सीएम ने कहा कि कांग्रेस स्कूलों के नाम पर रेवड़ियां नहीं शिक्षा बांट रही है।
ममलीग क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान जधाना पंचायत के कुफ्टू गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि वर्तमान में राजनीति का स्तर बेहद गिर चुका है। विपक्ष के हर नेता को वह भली भांति जानते हैं। ऐसे नेताओं की कोशिश केवल विधानसभा क्षेत्र में सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार फैलाकर सबकी नजरों में रहने की है।
लोगों का ध्यान गंभीर मुद्दों से हटाकर बेबुनियाद मामलों की तरफ खींचने के लिए ऐसे हथकंडे अपनाना भाजपा की पुरानी आदत है। ममलीग में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार करने के बजाय भाजपा विधायक
केवल विधानसभा में हंगामा कर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति विधानसभा को संबोधित करता है, तो लोगों को उसे सुनना चाहिए लेकिन कुछ अवसरों पर देखा गया है कि संसद भवन में प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान भी सांसद अनुचित ढंग से व्यवहार करते हैं।
वीरभद्र के नेतृत्व में हम एकजुट: कौल
स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसी एकजुट हैं। भाजपा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के खेमों में बंटी हुई है। कहा कि साढ़े चार वर्षों के दौरान प्रदेश में 154 कानूनगो वृत्त खोलने के अतिरिक्त 20 तहसीलें एवं 35 उप-तहसीलें खोली गईं।
वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान 15 उपमंडल कार्यालय खोले गए हैं और 2500 पटवारियों की नियुक्ति की गई। 105 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले गए जबकि 35 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्तरोन्नत करने के अतिरिक्त 32 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को नागरिक अस्पतालों में स्तरोन्नत किया गया है।