ओवरलोडिंग के साथ सख्ती से निपटेगी सरकार: जयराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। शुक्रवार को कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में बंजार बस हादसे में घायल लोगों का हालचाल जानने पहुंचे सीएम ने कहा सरकार बस हादसे के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इसके लिए मजिस्ट्रेट जांच कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जहां पर हादसा हुआ है, वहां पर सड़क ज्यादा खराब नहीं है। ओवरलोडिंग की शिकायतें जरूर आती रही हैं। उन्होंने कहा कि बंजार बस हादसे के क्या कारण रहे इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।
इस दौरान उन्होंने सभी घायलों के साथ बातचीत की और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने का आश्वासन दिया। सीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू को निर्देश दिया कि यदि किसी भी घायल को बेहतर इलाज के लिए कहीं और रेफर करने की जरूरत है तो तत्काल इंतजाम कराए जाएं।
इस मौके पर परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरिंदर शौरी, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, जिप अध्यक्ष रोहिणी चौधरी, युवराज बोध, उपायुक्त ऋचा वर्मा और पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री भी मौजूद रहे।
कुंभकर्णी नींद से कब जागेंगे, सरकार-परिवहन: सुक्खू
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सूक्खू ने बंजार बस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। बंजार हादसा इस साल की दूसरी बड़ी दुर्घटना है।
सरकार और परिवहन मंत्री कब कुंभकर्णी नींद से जागेंगे। सरकार बिना देरी सड़क हादसे रोकने को कड़ा कानून बनाए। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने जारी बयान में सरकार और परिवहन मंत्री से पूछा है कि कब तक लोग इस तरह से अपनी जान गंवाते रहेंगे। नूरपुर बस हादसे के बाद सरकार ने दुर्घटनाएं रोकने को बड़े-बड़े दावे किए थे, मगर धरातल पर कुछ नहीं हुआ।