निवेशक लाने जर्मनी-नीदरलैंड निकले सीएम जयराम, दुबई भी जाएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विदेशी औद्योगिक घरानों को हिमाचल लाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को शिमला से जर्मनी और नीदरलैंड दौरे के लिए रवाना हो गए। दिल्ली से नौ जून की रात को मुख्यमंत्री अपनी टीम सहित जर्मनी पहले जाएंगे और फिर वहां से नीदरलैंड। दस से 15 जून तक दोनों देशों के निवेशकों के सामने सरकार अपने प्रस्ताव रखेगी और उन्हें हिमाचल में निवेश के लिए निमंत्रण देगी।
16 जून को वापसी होगी। यहां से लौटने के बाद मुख्यमंत्री 23 से 26 जून तक दुबई दौरे पर रहेंगे। इन्वेस्टर मीट के लिए निवेशकों को आमंत्रित करने को विदेश में रोड शो, सेमीनार और बैठकें की जाएंगी। मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनोज कुमार, निदेशक उद्योग हंसराज शर्मा, विशेष सचिव उद्योग आबिद हुसैन सादिक, उप सचिव उद्योग नरेश ठाकुर और मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह भी विदेश दौरे पर जा रहे हैं।
कुछ अफसर दिल्ली रवाना हो गए हैं जबकि कुछ शनिवार को जाएंगे। यही टीम 23 से 26 जून तक दुबई दौरे पर भी जाएगी। उधर, इन्वेस्टर मीट से पहले सरकार ने विदेश दौरे के लिए पांच करोड़ रुपये का व्यय बजट तय किया है। हिमाचल में इन्वेस्टर मीट से 85 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए हिमाचल औद्योगिक निवेश नीति 2019 को बीते दिनों ही कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान की है।
इन्वेस्टर मीट आगे सरकने का अंदेशा
प्रदेश सरकार ने धर्मशाला में सितंबर महीने में इन्वेस्टर मीट कराने की योजना बनाई है। धर्मशाला और पच्छाद में विधानसभा उपचुनाव के चलते सितंबर में प्रस्तावित मीट आगे सरकने का अंदेशा है। संभावना जताई जा रही है कि इन्वेस्टर मीट नवंबर माह तक टल सकती है। इससे पहले भी सरकार ने मई-जून में इन्वेस्टर मीट करने की योजना बनाई थी लेकिन लोकसभा चुनावों के चलते इसे टालना पड़ गया था।