इन कर्मचारियों पर मेहरबान हुई जयराम सरकार, विशेष वेतन वृद्धि की घोषणा
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश सरकार के चालकों का विशेष वेतन 800 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने का फैसला लिया है। इस फैसले से चालकों को प्रतिवर्ष 2400 रुपये का वित्तीय लाभ होगा। इसके अलावा उन्होंने वर्दी भत्ते को 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये करने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि वित्त विभाग को पहले ही चालकों और परिचालकों के लंबित चिकित्सा और यात्रा भत्ते के बिलों का भुगतान करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह घोषणा सुंदरनगर में सरकारी, अर्ध सरकारी चालकों और हिमाचल क्लीनर फेडरेशन के सेमीनार में की।
उन्होंने कहा कि बुलडोजर, जेसीबी और प्लांट मशीन आदि चलाने वाले चालकों, जिन्हें उनकी सेवा अवधि के दौरान किसी भी पदोन्नति का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें दो विशेष वेतन वृद्धि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के कल्याण का विशेष ध्यान रखने के साथ-साथ उनकी विभिन्न मांगों को समय-समय पर पूरा करती रही है।
उन्होंने कहा कि केवल पांच महीनों की अल्प अवधि में सरकार ने वित्तीय बाधाओं के बावजूद कर्मचारियों के कल्याण के लिए काम किया है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारी सरकारी की रीढ़ की हड्डी हैं, राज्य को समृद्धि और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए कर्मचारी सरकार को पूर्ण संपूर्ण और ईमानदारी से सहयोग प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक नई कार्य संस्कृति विकसित की जानी चाहिए, जहां सभी को समाज और राष्ट्र के सुधार की जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए स्वयं को समर्पित करना चाहिए।
सांसद रामस्वरूप शर्मा और विधायक राकेश जम्वाल ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार और विधायक इंद्र सिंह गांधी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।