Sirmour Cloudburst: बादल फटने से सिरमौरी ताल में दादा-पोती की मौत, एक बच्चे समेत तीन लोग लापता
सिरमौरी ताल में बादल फटने से जमींदोज हुए मकान से लापता एक ही परिवार के पांच लोगों में से दो के शव बरामद हो गए हैं। एक बच्चे समेत तीन लोग अभी लापता हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब की मुगलावाला पंचायत के सिरमौरी ताल में बादल फटने से जमींदोज हुए मकान से लापता एक ही परिवार के पांच लोगों में से दो के शव बरामद हो गए हैं। एक बच्चे समेत तीन लोग अभी लापता हैं। गुरुवार तड़के से ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
शाम तक तीन मशीनों से मलबा हटाने का कार्य जारी रहा, लेकिन बारिश से दलदल बनने से कार्य रोकना पड़ा। अब शुक्रवार को सर्च अभियान चलेगा। मलबे के बीच से सुबह 9:30 बजे कुलदीप सिंह (63) और उनकी पोती दीपिका (8) का 11:00 बजे शव बरामद हुआ है।
कुलदीप के छह सदस्यों के परिवार में सिर्फ उसका बेटा विनोद कुमार सुरक्षित है, जो घटना के वक्त घर से कुछ दूरी पर था। कुलदीप की पत्नी जीतो देवी (57), बहू रजनी देवी (31), पोता नितेश (10) का अभी कोई सुराग नहीं लगा है। बुधवार रात को बादल फटने से क्षेत्र में भारी तबाही हुई है। सैकड़ों बीघा जमीन तबाह हो गई है।
एक घर और गोशाला का नामोनिशान तक मिट गया है। सामुदायिक भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क टूटने से क्षेत्र से संपर्क कट गया है। मुख्य मार्ग का 25 मीटर तक हिस्सा बह गया है। सिरमौरी ताल के लगभग 70 परिवारों के लोगों ने डर के मारे घर छोड़कर पूरी रात नेशनल हाईवे पर बिताई। हालांकि आसपास के गांवों के लोग बचाव कार्य में जुटे रहे।
एसडीएम पांवटा जीएस चीमा ने बताया कि गुरुवार को सर्च अभियान में दो शव बरामद किए हैं, तीन की तलाश जारी है। दलदल होने से सर्च अभियान रोकना पड़ा है। शुक्रवार को दोबारा सर्च अभियान चलाया जाएगा। उधर, मंडी-पंडोह नेशनल हाईवे छह मील के पास सुबह 11:00 से दोपहर 1:00 बजे तक बंद रखा गया। 30 दिन से एक तरफ चल रही आवाजाही को दोपहर बाद दोनों तरफ बहाल कर दिया गया है।
कुल्लू से पंडोह आने वाले छोटे वाहनों को पंडोह से चैलचौक होते हुए सुंदरनगर, नेरचौक की तरफ भेजा गया, जबकि मंडी से कुल्लू के लिए वाया कटौला रोड से छोटे वाहन भेजे। भारी वाहनों को एनएच पर ही इंतजार करना पड़ा।
32 मील के पास भूस्खलन के चलते पठानकोट-मंडी एनएच के बार-बार बाधित होने से वैकल्पिक मार्गों से आवाजाही करानी पड़ रही है। मंडी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र खलियार, मंगवाई, भ्यूली और बल्ह क्षेत्र का केंद्रीय टीम ने दौरा किया और प्रभावित लोगों से बात की।
हिमाचल में भारी बारिश का येलो अलर्ट
प्रदेश के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 14 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। गुरुवार को राजधानी शिमला में दोपहर के समय हल्की बारिश हुई। शाम को शहर में धुंध छा गई। गुरुवार को भुंतर में अधिकतम तापमान 34.9, ऊना में 34.4, बिलासपुर में 34.1, चंबा में 33.5, कांगड़ा में 32.5, हमीरपुर-मंडी में 30.8, सोलन-मनाली में 27.8, नाहन में 27.2 और शिमला में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।